तस्वीर में सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र से विधायक लादू लाल पितलिया नजर आ रहे हैं।

गंगापुर-भीलवाड़ा। गंगापुर नगरपालिका चुनाव के अंतिम दौर में वार्ड नंबर 7 का बोरवेल विवाद सियासी मुद्दा बन गया है। सहाड़ा विधायक लादू लाल पितलिया ने कांग्रेस पर मामले को राजनीतिक रंग देकर झूठी वाहवाही हासिल करने की कोशिश का आरोप लगाया है।

विधायक पितलिया ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की ओर से स्वयं 181 पर शिकायत दर्ज करवाई गई और इसके बाद भाजपा के खिलाफ वीडियो एडिट कर सोशल मीडिया पर गलत प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता को गुमराह करने के बजाय चुनाव विकास के मुद्दे पर लड़ा जाना चाहिए।

पितलिया ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कार्यकाल में विकास कार्यों की कोई कमी नहीं है। सरकार लगातार जनहित और विकास से जुड़े कार्य कर रही है। उन्होंने दावा किया कि गंगापुर नगरपालिका चुनाव में जनता भाजपा के पक्ष में है और नगरपालिका में भाजपा का बोर्ड बनना तय है।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए विधायक ने कहा कि चुनाव में उसकी बौखलाहट साफ दिखाई दे रही है और यह उसकी हार की निराशा को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ऐसे उम्मीदवारों को मैदान में उतार रही है, जिनकी छवि को लेकर जनता में सवाल हैं। पितलिया ने कहा कि गलत छवि वाले उम्मीदवारों के कारण कांग्रेस का राजनीतिक अंत तय हो चुका है।

विधायक पितलिया ने पिछले 10 वर्षों के दौरान नगर में जनता पर करीब 18 करोड़ रुपये का कर्ज चढ़ाए जाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि जनता को इसका जवाब चुनाव में देना चाहिए।

गंगापुर नगरपालिका चुनाव के अंतिम दौर में भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। वार्ड नंबर 7 का बोरवेल विवाद स्थानीय मुद्दे से आगे बढ़कर चुनावी सियासत का प्रमुख मुद्दा बनता दिखाई दे रहा है। दोनों दलों के नेता अपने-अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं।

Tags: