तस्वीर में अधिकारी और पुलिसकर्मी सड़क किनारे खड़े होकर निरीक्षण करते हुए।

भीलवाड़ा, 11 सितंबर। जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार नगर निगम आयुक्त श्री कमल सिंह यादव ने शहर में नागरिक सुविधाओं और सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के लिए विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। स्थानीय वासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए निगम ने शहर के प्रमुख पार्कों में नए झूले स्थापित किए हैं।

निगम की ओर से मुखर्जी पार्क में 4 झूले, सुभाष नगर मेन पार्क में 4 झूले, श्री राम पार्क (सुभाष नगर) में 2 झूले, गांधी पार्क (अस्पताल के सामने) में 1 झूला, शास्त्री नगर बी सेक्टर पार्क में 1 झूला, खाटू श्याम पार्क (शास्त्री नगर) में 1 झूला, महावीर पार्क में 1 झूला, गर्ल्स कॉलेज के पीछे स्थित पार्क में 1 झूला और न्यू हाउसिंग बोर्ड सेक्टर 4 स्थित पार्क में 1 झूला स्थापित किया गया है। इससे बच्चों और बुजुर्गों को राहत मिली है।

जिला कलेक्टर के निर्देशों की पालना में सफाई व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आयुक्त श्री यादव ने बड़ला चौराहा, सूर्य महल रोड, साबून मार्ग, गंगापुर चौराहा, बापू नगर, लेबर कॉलोनी और शास्त्री नगर सहित कई क्षेत्रों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान कुछ इलाकों में गंदगी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित सफाई प्रभारियों को स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए।

आयुक्त ने टूटी सड़कों की तत्काल मरम्मत करने के भी निर्देश दिए। औचक निरीक्षण के दौरान पार्कों में नई सुविधाओं और शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर निगम प्रशासन ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों और सफाई प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Tags: