गंगापुर के राजकीय बालिका विद्यालय में विधिक जागरूकता कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्राएं और वक्ता।

गंगापुर-भीलवाड़ा में बच्चों को बहला-फुसलाकर ले जाने, बाल तस्करी और संदिग्ध व्यक्तियों से होने वाले संभावित खतरों के प्रति जागरूक करने के लिए मंगलवार को विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूसडे कार्यक्रम के तहत तालुका विधिक सेवा समिति, गंगापुर की ओर से “अजनबी से सावधान—मना करो, दूर जाओ, बताओ (STRANGER DANGER—NO-GO-TELL)” विषय पर ये कार्यक्रम हुए।

तालुका सचिव निखिलेश जीनगर ने बताया कि अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट गंगापुर अमित दवे ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय डेलाना तथा सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट गंगापुर पारुल चौहान ने राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, गंगापुर में विद्यार्थियों को जागरूक किया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को बहला-फुसलाकर ले जाने, बाल तस्करी तथा संदिग्ध व्यक्तियों से होने वाले संभावित खतरों के प्रति सतर्क करना रहा। इस दौरान बच्चों, अभिभावकों और आम नागरिकों से सावधानी बरतने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की गई।

कार्यक्रम में बताया गया कि अपराधी बच्चों को झूठे वादों, उपहार, पैसे अथवा अन्य प्रलोभनों के माध्यम से अपने जाल में फंसा सकते हैं। बच्चों को समझाया गया कि वे किसी भी अपरिचित व्यक्ति के साथ अकेले न जाएं और किसी अनजान व्यक्ति द्वारा दिए गए प्रलोभन में नहीं आएं।

वक्ताओं ने ऑनलाइन गेम के माध्यम से बच्चों को दिए जाने वाले प्रलोभनों के प्रति भी सावधान किया। बताया गया कि ऐसे प्रलोभनों के चक्कर में बच्चों और उनके परिवारों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ मानसिक क्षति भी हो सकती है। बच्चों को ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान सतर्क रहने तथा किसी संदिग्ध संपर्क की जानकारी माता-पिता या शिक्षकों को तुरंत देने की सलाह दी गई।

अभियान के दौरान “मना करो, दूर जाओ और बताओ” के संदेश के माध्यम से बच्चों को किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या घटना की जानकारी तत्काल अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों को देने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में अधिवक्ता मदनलाल जीनगर, अंकित सुवालका, हिमांशु जीनगर, न्यायालय कर्मचारी जयकुमार रहेजा, पीएलवी नारायण लाल सरगरा एवं राजेंद्र टेलर सहित विद्यालय के प्रधानाचार्य और अध्यापकगण उपस्थित रहे।

Tags: