राष्ट्रीय खेल दिवस पर भीलवाड़ा के 250 खिलाड़ियों का होगा सम्मान, 29 अगस्त से शुरुआत
राष्ट्रीय खेल दिवस पर 29 अगस्त से भीलवाड़ा में स्वर्गीय श्री रामजस सोडाणी स्मृति संस्थान 250 से अधिक खिलाड़ियों का सम्मान शुरू करेगा। चयनित खिलाड़ियों को उनके क्रीड़ा स्थल पर जाकर सम्मानित किया जाएगा।
तस्वीर में स्वर्गीय श्री रामजस जी सोडाणी स्मृति खेल प्रतिभा सम्मान समारोह का एक आधिकारिक बैनर और पोस्टर दिखाया गया है।
भीलवाड़ा में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर स्वर्गीय श्री रामजस सोडाणी स्मृति संस्थान की ओर से जिले के 250 से अधिक खिलाड़ियों को सम्मानित करने के वर्ष पर्यन्त चलने वाले कार्यक्रम की शुरुआत 29 अगस्त शनिवार को होगी। विभिन्न खेलों में श्रेष्ठ प्रदर्शन कर रहे खिलाड़ियों को उनके क्रीड़ा स्थल पर जाकर “स्वर्गीय श्री रामजस जी सोडाणी स्मृति खेल प्रतिभा सम्मान” भेंट किया जाएगा।
रायला, भीलवाड़ा निवासी स्वर्गीय श्री रामजस सोडाणी हॉकी, फुटबॉल, बालीबाॅल और कबड्डी के राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी रहे हैं। उनकी स्मृति में युवाओं तथा आम जनता में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भीलवाड़ा जिले के विभिन्न खेलों में श्रेष्ठ प्रदर्शन कर रहे 250 खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जा रहा है।
स्वर्गीय श्री रामजस सोडाणी स्मृति संस्थान भीलवाड़ा के तत्वावधान में आयोजित इस सम्मान कार्यक्रम की जानकारी देते हुए संस्थान के निदेशक एवं वरिष्ठ कर सलाहकार अनिल सोडाणी ने बताया कि सम्मानित होने वाले खिलाड़ियों के चयन के लिए अन्तर्राष्ट्रीय खिलाड़ी एडवोकेट मोहित सोडाणी एवं राजा ठाकुर सोडाणी के समन्वय में दस सदस्यीय चयन समिति का गठन किया गया है।
यह चयन समिति सेवा निवृत्त वरिष्ठ शारिरिक शिक्षकों तथा स्पोर्ट्स क्लबों के कोचेज के नेतृत्व में 250 से अधिक खिलाड़ियों का चयन करेगी। चयनित सभी खिलाड़ियों को वर्ष पर्यन्त चलने वाले इस सम्मान कार्यक्रम के तहत “स्वर्गीय श्री रामजस जी सोडाणी स्मृति खेल प्रतिभा सम्मान” प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम की खास बात यह होगी कि खिलाड़ियों को सम्मान लेने के लिए किसी एक स्थान पर बुलाने के बजाय उनके क्रीड़ा स्थल पर जाकर सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रीय खेल दिवस से शुरू होने वाला यह वर्ष पर्यन्त सम्मान कार्यक्रम भीलवाड़ा जिले में खेल प्रतिभाओं को पहचान देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।