भीलवाड़ा। सदर थाना पुलिस ने प्रियदर्शिनी नगर में महिला को कार से कुचलकर हत्या करने के मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी के तीन साथियों को गिरफ्तार किया है। मामले में मुख्य आरोपी मोहम्मद तौसीफ उर्फ बंटी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर चुकी है।

थानाधिकारी प्रहलाद सहाय ने बताया कि 18 अगस्त को प्रियदर्शिनी नगर स्थित अभ्रक फैक्टरी के पास पैसों के लेन-देन के विवाद में आरोपियों ने किशन लुहार की मां लाली देवी पर दो-तीन बार कार चढ़ाकर उनकी हत्या कर दी थी। घटना के समय लाली देवी मवेशी चरा रही थीं।

जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी अनुसंधान के जरिए आरोपियों को ट्रेस किया। जांच के आधार पर पुलिस ने 24 अगस्त को वारदात के समय कार में मौजूद तीनों सह-आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साजिद उर्फ चांद (31), सरफु (37) और मोहम्मद समीर (24) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के निवासी हैं।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के साथ पुलिस ने वारदात के दौरान कार में मौजूद रहे तीनों सह-आरोपियों तक पहुंच बनाई है, जबकि मुख्य आरोपी मोहम्मद तौसीफ उर्फ बंटी की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है।

Tags: