भीलवाड़ा में दुर्गावाहिनी की अनूठी पहल, पुलिसकर्मियों को राखी बांधकर दिलाया सुरक्षा का संकल्प
भीलवाड़ा में रक्षाबंधन पर दुर्गावाहिनी ने प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को राखी बांधी। जिला कलेक्टर, एसपी समेत थानाधिकारियों को रक्षा सूत्र देकर बहन-बेटी की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का संकल्प दिलाया गया।
तस्वीर में भीलवाड़ा में एक कार्यालय के भीतर प्रशासनिक अधिकारी के साथ मातृशक्ति दुर्गावाहिनी की सदस्य रक्षाबंधन के अवसर पर नजर आ रही हैं।
भीलवाड़ा में रक्षाबंधन के अवसर पर विश्व हिंदू परिषद की महिला इकाई मातृशक्ति दुर्गावाहिनी ने कर्तव्य पथ पर तैनात प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को रक्षा सूत्र बांधकर बहन-बेटी की सुरक्षा का संकल्प दिलाया। त्योहार के बीच अपने परिवारों से दूर रहकर जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जुटे अधिकारियों व पुलिसकर्मियों के सम्मान में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
दुर्गावाहिनी की बहनों ने अधिकारियों को राखी बांधकर उनसे समाज में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने का वचन लिया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने भी बहनों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और अपने कर्तव्य के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर जसमीत संधू, जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा, शहर कलेक्टर प्रतिभा देवठिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य सहित भीलवाड़ा शहर के सभी थानाधिकारियों को रक्षा सूत्र बांधा गया।
कार्यक्रम में मातृशक्ति विभाग सह संयोजिका लक्ष्मी वर्मा, प्रांत सह संयोजिका सीमा पारीक, सुशीला राजपूत, युक्ता राठी, आस्था पारीक, वंशिका मोदी, हिमांशी शर्मा, खुशी जोशी, नविका मोदी और गर्विता पारीक सहित कई सदस्य उपस्थित रहीं।
रक्षाबंधन के इस आयोजन में रक्षा सूत्र केवल भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जनता की सुरक्षा के लिए दिन-रात कर्तव्य निभाने वाले पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति सम्मान और सुरक्षा के संकल्प का माध्यम बना।