भीलवाड़ा में 18 लाख का डोडा पोस्त जब्त, क्रेटा कार से 123.550 किलो मादक पदार्थ बरामद
भीलवाड़ा में डीएसटी और पुर थाना पुलिस ने क्रेटा कार से 123.550 किलो डोडा पोस्त बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। करीब 18 लाख रुपये के मादक पदार्थ के साथ दो फर्जी नंबर प्लेट मिलीं।
भीलवाड़ा में जिला विशेष टीम (डीएसटी) और पुर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हुंडई क्रेटा कार से 123.550 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है। जब्त डोडा पोस्त की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 18 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने कार से दो फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सहाड़ा) बुद्धराज सिंह और पुलिस उप अधीक्षक (मांडल) राहुल जोशी के सुपरविजन तथा पुर थानाधिकारी व डीएसटी प्रभारी कन्हैयालाल के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त कर रही थी। 26 अगस्त 2026 की अलसुबह करीब 4:49 बजे डीएसटी के हेड कांस्टेबल विजय सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि चित्तौड़गढ़ की तरफ से एक संदिग्ध हुंडई क्रेटा कार भीलवाड़ा की ओर आ रही है।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने हजारी खेड़ा चौराहा, चित्तौड़गढ़-अजमेर लेन पर नाकाबंदी की। पुलिस को देखकर कार चालक ने वाहन को यू-टर्न लेकर भगाने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने तत्काल मुस्तैदी दिखाते हुए कार के आगे स्टॉप स्टिक लगा दी, जिससे कार के टायर पंक्चर हो गए। कार रुकते ही चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जबकि खलासी सीट पर बैठे आरोपी को पुलिस टीम ने मौके पर ही पकड़ लिया।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम अनुज कुमार 24 पुत्र राजेश बिश्नोई, निवासी बड़वा, थाना सिवानी, जिला भिवानी, हरियाणा बताया। उसने फरार चालक का नाम विक्रम बिश्नोई बताया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वे चित्तौड़गढ़ के सांवरिया सेठ क्षेत्र से अवैध डोडा पोस्त लेकर आ रहे थे और इसे हरियाणा ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो प्लास्टिक के 7 कट्टों में कुल 123.550 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त मिला। इसके अलावा मादक पदार्थ के परिवहन में प्रयुक्त हुंडई क्रेटा कार और दो फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की गईं।
पुर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण संख्या 173/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी विक्रम बिश्नोई की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
कार्रवाई में थानाधिकारी कन्हैयालाल, सउनि यशवीर सिंह, हैड कांस्टेबल कालूराम धायल, हैड कांस्टेबल विजय सिंह, कांस्टेबल राकेश भंडारी (विशेष योगदान), घीसूलाल (विशेष योगदान), कन्हैयालाल, असलम, बनवारी, घेवर, विक्रम और कमलेश की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस की इस कार्रवाई में बड़ी मात्रा में अवैध डोडा पोस्त के साथ परिवहन में प्रयुक्त कार और फर्जी नंबर प्लेट बरामद हुई हैं, जबकि मामले में फरार आरोपी की तलाश और आगे की जांच जारी है।