भीलवाड़ा में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार, 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के लिए ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर देश की एकता एवं अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

‘रन फॉर यूनिटी’ को जिला कलेक्ट्रेट परिसर से सांसद दामोदर अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। निर्धारित मार्ग से होते हुए रैली पुलिस लाइन पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। रैली रवाना होने से पहले सांसद अग्रवाल ने उपस्थित लोगों को राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई।

सांसद दामोदर अग्रवाल ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आमजन में राष्ट्रीय एकता, अखंडता तथा देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है। इसके साथ ही लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान और उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना भी कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है।

सरदार पटेल की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए सांसद ने कहा कि उनकी दृढ़ निश्चयता और कर्मठता के कारण आजादी के बाद देश के एकीकरण का कार्य संभव हुआ। इस ऐतिहासिक प्रक्रिया में सरदार वल्लभभाई पटेल का अमूल्य योगदान रहा।

कार्यक्रम में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं नोडल अधिकारी चन्द्रभान सिंह भाटी तथा जिला खेल अधिकारी एवं सहायक नोडल अधिकारी हेमेन्द्र सिंह राणावत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कार्मिक मौजूद रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों ने भी भागीदारी निभाई। ‘रन फॉर यूनिटी’ के माध्यम से भीलवाड़ा में सरदार पटेल के राष्ट्रीय एकता और अखंडता के संदेश को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाया गया।

Tags: