सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर भीलवाड़ा में दौड़ेगा शहर, 31 अक्टूबर को निकलेगी रन फॉर यूनिटी
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर निकलने वाली रैली को सांसद दामोदर अग्रवाल हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को भीलवाड़ा में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया जाएगा। जिला मुख्यालय पर आयोजित होने वाली इस रैली को सांसद दामोदर अग्रवाल सुबह 8 बजे जिला कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। रैली का समापन पुलिस लाइन में होगा।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं सहित अन्य नागरिकों की सहभागिता रहेगी। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के आदेशानुसार कार्यक्रम की तैयारियां की जा रही हैं। रैली जिला कलेक्ट्रेट परिसर से शुरू होकर निर्धारित मार्ग से होते हुए पुलिस लाइन पहुंचेगी, जहां इसका समापन किया जाएगा।
कार्यक्रम के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी चन्द्रभान सिंह भाटी को नोडल अधिकारी तथा जिला खेल अधिकारी हेमेन्द्र सिंह राणावत को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
जिला कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित होने वाली यह रैली जिला मुख्यालय पर युवाओं और नागरिकों की सामूहिक भागीदारी के साथ संपन्न होगी।