भीलवाड़ा में 22 करोड़ की लागत से बना आनंदम भवन, पद्मश्री सत्यनारायण नुवाल ने किया लोकार्पण
पद्मश्री सत्यनारायण नुवाल और महासभा सभापति संदीप काबरा की मौजूदगी में भीलवाड़ा में भव्य 'आनंदम भवन' का उद्घाटन किया गया।
भीलवाड़ा में आनंदम भवन लोकार्पण समारोह के मंच पर मंचासीन अतिथि दिखाई दे रहे हैं।
भीलवाड़ा में माहेश्वरी समाज की सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों को नई दिशा देने के उद्देश्य से करीब 22 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आनंदम भवन का शनिवार, 31 अक्टूबर को भव्य लोकार्पण किया गया। पद्मश्री सम्मान प्राप्त देश के प्रमुख उद्योगपति सत्यनारायण नुवाल ने माहेश्वरी समाज के प्रमुख पदाधिकारियों और भवन निर्माण में सहयोग देने वाले भामाशाहों की मौजूदगी में फीता काटकर भवन का उद्घाटन किया। समारोह की अध्यक्षता अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के सभापति संदीप काबरा ने की। कार्यक्रम में भीलवाड़ा के जनप्रतिनिधियों और विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।
लोकार्पण समारोह में भवन निर्माण में आर्थिक सहयोग देने वाले समाज के भामाशाहों को शॉल ओढ़ाकर और बुके भेंटकर सम्मानित किया गया।
लोकार्पणकर्ता पद्मश्री सत्यनारायण नुवाल ने अपने संबोधन में कहा कि माहेश्वरी समाज संख्यात्मक दृष्टि से अन्य समाजों की अपेक्षा छोटा होने के बावजूद शिक्षा, समृद्धि और नैतिकता के क्षेत्र में पूरे देश में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। समाज में पीढ़ियों से चली आ रही संस्कृति और संस्कार महत्वपूर्ण हैं। संस्कारों और संवेदना के सामंजस्य से ही प्रत्येक कार्य में सफलता प्राप्त होती है।
उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी में शिक्षा और समृद्धि लगातार बढ़ रही है, लेकिन संस्कार और संवेदना की कमी चिंता का विषय है। हम अपने पूर्वजों और माता-पिता की तस्वीरों का आदर करते हैं, लेकिन उनके जीवित रहते सेवा का भाव लगातार कम होता जा रहा है। स्वार्थ की प्रवृत्ति व्यक्ति को आंतरिक रूप से दीनहीन और एकाकी बना देती है। नुवाल ने कहा कि यदि जीवन में सफलता और नैतिकता में से किसी एक को चुनने की स्थिति आए तो नैतिकता का साथ देना चाहिए। नैतिकता बनी रहेगी तो सफलता अपने आप प्राप्त हो जाएगी।
समारोह की अध्यक्षता कर रहे अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के सभापति संदीप काबरा ने आनंदम भवन के निर्माण के लिए भीलवाड़ा के माहेश्वरी समाज को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भीलवाड़ा में पहले रामेश्वरम और अब आनंदम भवन का निर्माण समाज के भविष्य की दृष्टि से महत्वपूर्ण पहल है। भीलवाड़ा का माहेश्वरी समाज देश के अन्य स्थानों पर रहने वाले समाज बंधुओं के लिए रोल मॉडल का कार्य कर रहा है।
काबरा ने कहा कि माहेश्वरी समाज के लिए राष्ट्र हमेशा प्रथम रहा है और राष्ट्र सेवा के कार्यों में समाज आगे भी अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा। उन्होंने कहा कि यह भवन केवल सम्पन्नता का प्रतीक बनकर नहीं रहना चाहिए, बल्कि समाज के लिए प्रेरणा का केंद्र बनना चाहिए। इसका उपयोग केवल मांगलिक और सामाजिक आयोजनों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि समाज के बेहतर भविष्य के लिए विकास की रूपरेखा तैयार करने के केंद्र के रूप में भी किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी की पहली बैठक 14 नवम्बर को भीलवाड़ा के इसी आनंदम भवन में आयोजित होगी।
समारोह में भीलवाड़ा जिला महेश सेवा निधि के अध्यक्ष रामपाल सोनी ने स्वागत उद्बोधन देते हुए आनंदम भवन की निर्माण यात्रा, निर्माण के उद्देश्य और भविष्य की रूपरेखा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भवन निर्माण की योजना सर्वप्रथम वर्ष 2007 में माहेश्वरी महासभा के महाधिवेशन के दौरान बनाई गई थी। इसके बाद नगर विकास न्यास से जमीन आवंटन की प्रक्रिया पूरी की गई। भवन निर्माण का शिलान्यास वर्ष 2023 में बिड़ला ग्रुप की चेयरपर्सन राजश्री बिड़ला ने किया था।
रामपाल सोनी ने बताया कि भवन निर्माण में भीलवाड़ा के साथ देश के विभिन्न क्षेत्रों से माहेश्वरी समाज के भामाशाहों ने आर्थिक सहयोग प्रदान किया। भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आनंदम भवन को सर्वसुविधायुक्त बनाया गया है। यह भवन वाजिब दरों पर सभी के लिए उपलब्ध रहेगा।
सांसद दामोदर अग्रवाल और नगर निगम महापौर जसवंत कंवर ने भी अपने संबोधन में भवन निर्माण के लिए माहेश्वरी समाज को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भीलवाड़ा के आर्थिक और सामाजिक विकास में समाज हमेशा अग्रणी एवं प्रेरणादायी भूमिका निभा रहा है।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में हैदराबाद से पधारे समाजसेवी महेश बल्दवा, कैलाश कोठारी, भरत तोतला, ममता मोदानी, नारायण राठी और अरुण भांगड़िया ने भी अपने विचार व्यक्त किए। मंच पर विशिष्ट अतिथि शंकरलाल बाहेती, भीलवाड़ा उप महापौर राधेश्याम सोमानी, चित्तौड़गढ़ नगर परिषद सभापति अनिल ईनाणी, पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया, भीलवाड़ा जिला महेश सेवा निधि के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राधेश्याम चेचाणी, मंत्री प्रहलाद राय लड्ढा, निर्माण प्रभारी सत्यनारायण मूंदड़ा, माहेश्वरी सभा के जिलाध्यक्ष अशोक बाहेती और नगर अध्यक्ष केदार जागेटिया सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन जगदीशप्रसाद कोगटा ने किया, जबकि आभार महेश सेवा निधि के मंत्री प्रहलाद राय लड्ढा ने व्यक्त किया। समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशान्त मेवाड़ा, सहाड़ा विधायक लादूलाल पितलिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य और पुलिस उप अधीक्षक सज्जनसिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी उपस्थित रहे।
समारोह के प्रारंभ में पद्मश्री सम्मानित उद्योगपति सत्यनारायण नुवाल ने समाज के प्रमुख पदाधिकारियों की मौजूदगी में फीता काटकर आनंदम भवन का लोकार्पण किया। इसके बाद नुवाल, अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के सभापति संदीप काबरा और अन्य अतिथियों ने भीलवाड़ा जिला महेश सेवा निधि के पदाधिकारियों के साथ भवन का अवलोकन किया।
अतिथियों ने भवन निर्माण की गुणवत्ता की सराहना करते हुए इसके निर्माण के लिए आर्थिक सहयोग और समय देने वाले समाज बंधुओं के प्रयासों की भी प्रशंसा की। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिस उद्देश्य को लेकर इस भवन का निर्माण किया गया है, उसमें भविष्य में निश्चित रूप से सफलता मिलेगी। करीब 22 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह भवन माहेश्वरी समाज के सामाजिक आयोजनों के साथ उसके भविष्य की विकास योजनाओं के लिए भी महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उपयोग किया जाएगा।