डीग में पंचायत चुनाव से पहले तेज हुआ वोट बुलावा अभियान, महिलाओं ने घर-घर बांटे पीले चावल
राजीविका महिलाओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने घर-घर पीले चावल बांटकर मतदाताओं को चुनाव में मतदान करने का न्योता दिया।
हाथों में पीले चावल लिए राजीविका और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता डीग में मतदान जागरूकता अभियान में खड़ी हैं।
डीग में पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को लेकर मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने का अभियान तेज हो गया है। जिले में व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता कार्यक्रम (स्वीप) के तहत सोमवार को ‘वोट बुलावा अभियान’ चलाया गया। इसके अंतर्गत राजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचकर पीले चावल वितरित किए और आमजन को लोकतंत्र के महापर्व में भागीदारी निभाने का आमंत्रण दिया।
जिला स्वीप कॉर्डिनेटर धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि डीग जिले में राजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं ने विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर जाकर पीले चावल बांटे। इस दौरान मतदाताओं से आगामी चुनाव में अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की गई। इसी क्रम में कुम्हेर ब्लॉक की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भी वोट बुलावा अभियान के तहत पीले चावल वितरित कर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया।
वहीं, डीग ब्लॉक की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने स्वीप गतिविधि के तहत घर-घर पहुंचकर मतदाताओं को पीले चावल दिए और मतदान दिवस पर मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने का न्योता दिया। ताखा क्षेत्र में भी वोट बुलावा अभियान के तहत पीले चावल वितरण की गतिविधि आयोजित की गई।
इन गतिविधियों का उद्देश्य पारंपरिक रीति-रिवाजों के माध्यम से आमजन से आत्मीय जुड़ाव स्थापित करना और प्रत्येक पात्र मतदाता को मतदान के लिए प्रेरित करना है। पीले चावल के जरिए दिए जा रहे इस पारंपरिक आमंत्रण के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में मतदान के महत्व का संदेश घर-घर तक पहुंचाया जा रहा है। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 में अधिकाधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्वीप के तहत यह जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।