डीग में पंचायतीराज चुनाव की तैयारी तेज, तृतीय चरण के मतदान के लिए दलों की रवानगी शुरू
एमएजे कॉलेज से मतदान कर्मियों को सामग्री व प्रशिक्षण देकर किया रवाना, कामां, पहाड़ी और बृजनगर में 3 व 5 नवंबर को होगी वोटिंग।
डीग के एमएजे कॉलेज पांडाल में मतदान सामग्री प्राप्त करते निर्वाचन कर्मी दिखाई दे रहे हैं।
डीग। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तृतीय चरण के मतदान को लेकर डीग में प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार, 2 नवंबर को मास्टर आदित्येन्द्र जी (एमएजे) राजकीय महाविद्यालय, डीग से मतदान दलों की रवानगी की प्रक्रिया शुरू की गई। रवानगी से पहले मतदान कर्मियों को निर्वाचन प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया जा रहा है तथा उन्हें आवश्यक मतदान सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।
तृतीय चरण के तहत 3 नवंबर को बृजनगर, कामां एवं पहाड़ी पंचायत समिति क्षेत्रों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। वहीं, 5 नवंबर को इन्हीं क्षेत्रों में पंच एवं सरपंच पदों के लिए मतदान होगा। दोनों चरणों के लिए मतदान दलों की रवानगी की व्यवस्था की गई है।
मतदान दलों के आवागमन और वाहनों की सुव्यवस्थित पार्किंग के लिए किशन लाल जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, डीग में वाहनों को पार्क कराया गया है। पुलिस प्रशासन की ओर से सुबह से ही रवानगी स्थल पर यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था संभाली जा रही है। वाहनों के प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित कर व्यवस्था बनाई गई है, ताकि मतदान दलों और वाहनों की आवाजाही सुचारू बनी रहे तथा किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र टीवी परमार, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन सिंह एवं उपखंड अधिकारी कामां अनिल कुमार मीना सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से मतदान दलों के प्रशिक्षण, मतदान सामग्री वितरण, वाहनों की पार्किंग और यातायात प्रबंधन की व्यवस्थाओं के साथ दोनों चरणों के चुनाव संचालन की तैयारियां की जा रही हैं।