तस्वीर में भुसावर के एक बाजार में राखी की दुकान पर महिलाएं और बच्चे राखियां खरीदते हुए नजर आ रहे हैं।

भुसावर में रक्षाबंधन पर्व नजदीक आते ही बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। भाई-बहन के अटूट प्रेम और पवित्र बंधन के इस पर्व को लेकर भरतपुर जिले के ऐतिहासिक शहरों में शामिल भुसावर सहित उपखंड मुख्यालय के ग्रामीण अंचल में दुकानदारों और व्यापारियों ने राखियों की दुकानें सजाना शुरू कर दिया है।

राखियों की दुकानें सजने के साथ ही बहनों ने खरीदारी शुरू कर दी है। जिन बहनों के भाई दूसरे जिले या प्रदेशों में रहते हैं, उन्होंने डाक अथवा कोरियर के माध्यम से राखी भेजने के लिए अभी से खरीदारी शुरू कर दी है। ज्ञात हो कि रक्षाबंधन का त्योहार सावन (श्रावण) मास की पूर्णिमा 28 अगस्त शुक्रवार को है।

रक्षाबंधन पर्व को लेकर भुसावर के मैन बाजार, पुरानी अनाज मंडी, फोटो वाली गली, पुरानी सब्जी मंडी, उपरला बाजार, अस्पताल सड़क मार्ग, बस स्टैंड, सपाट, दीवली सड़क मार्ग, मूण्डायारा सहित विभिन्न प्रमुख बाजारों में स्थायी एवं अस्थायी राखी की दुकानें सजना शुरू हो गई हैं।

इन दुकानों पर ₹10 से लेकर ₹300 तक की कीमत वाली विभिन्न प्रकार की रंग-बिरंगी और आकर्षक डिजाइन की राखियां लोगों को आकर्षित कर रही हैं। राखियों में टीडी, स्टोन, लाइट वाली राखियां, अमेरिकन डायमंड, मोती और कुन्दन की राखियां विशेष रूप से उपलब्ध हैं। वहीं छोटे बच्चों के लिए स्पाइडर-मैन और कार्टून वाली राखियां तथा तिरंगा झंडा वाली राखियां भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

इसके अलावा खास डिजाइन में खाटू श्याम जी और मोर पंख वाली राखियों के साथ-साथ ‘बेस्ट भाई’ लिखे स्लोगन वाली राखियां भी बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। राखियों की दुकानों के साथ उपहारों के पैक और पारंपरिक मिठाई की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। रक्षाबंधन पर्व के नजदीक आने के साथ भुसावर के प्रमुख बाजारों में खरीदारी का माहौल लगातार बढ़ता जा रहा है।

Tags: