तस्वीर में आदर्श पुलिस थाना खेड़ली मोड़, जिला भरतपुर, राजस्थान का बोर्ड दिखाई दे रहा है।

भुसावर-खेड़ली मोड़ पुलिस ने हत्या के एक मामले में छह महीने से फरार चल रहे 15 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पवन (24) पुत्र मुखराम यादव, निवासी बांगन का नंगला, थाना खेड़ली, जिला अलवर के रूप में हुई है।

मामला 2 मार्च 2026 को शिवशंकर शर्मा पुत्र कजोड़मल शर्मा, निवासी समूची फाटक, खेड़ली की ओर से दर्ज कराया गया था। रिपोर्ट के अनुसार 28 फरवरी की रात उनके बेटे नरेंद्र कुमार का कुछ लोगों से विवाद हुआ था। विवाद के बाद नरेंद्र के साथ मारपीट की गई और उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद उसका शव सामन्तपुरा के जंगल में मिट्टी में दबा दिया गया था।

इस संबंध में खेड़ली मोड़ थाने में मुकदमा नंबर 39/2026 दर्ज किया गया था। घटना के बाद से आरोपी पवन फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए रेंज आईजी प्रीति चंद्रा और पुलिस अधीक्षक भरतपुर राजेश कुमार मीना के निर्देशन में पुलिस टीम का गठन किया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैर प्रेरणा शेखावत और वृत्ताधिकारी वृत्त भुसावर नीरज भारद्वाज ने अभियान का पर्यवेक्षण किया। थानाधिकारी पवन यादव ने बताया कि गठित टीम ने जांच के दौरान फरार आरोपी पवन यादव को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी की गिरफ्तारी में खेड़ली मोड़ पुलिस टीम के साथ साइबर सेल भरतपुर का भी विशेष योगदान रहा। छह महीने से फरार चल रहे 15 हजार रुपये के इनामी आरोपी की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने हत्या के इस मामले में एक महत्वपूर्ण कार्रवाई पूरी की है।

Tags: