भरतपुर के भुसावर स्थित पंचमुखी हनुमान शिव मंदिर में सावन माह के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी पर हरिद्वार से गंगाजल लेकर पहुंचे कांवड़ियों ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया।

भुसावर सहित भरतपुर जिले के ऐतिहासिक शहरों में शामिल भुसावर और उपखण्ड मुख्यालय क्षेत्र के ग्रामीण अंचल में 17 अगस्त को सावन माह के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के पावन अवसर पर शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। कांवड़ियों सहित शिव भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठे।

भुसावर कस्बे के रणधीरगढ़ सड़क मार्ग स्थित मूण्डायारा चौराहा पर पंचमुखी हनुमान जी शिव मंदिर में सावन माह की पावन बेला में धर्म, आस्था और शिव भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला। यहां शिव डांक कांवड़ सेवा समिति नवयुवक मंडल मुण्डायारा के तत्वावधान में प्रथम डांक कांवड़ यात्रा आयोजित हुई। हर की पौड़ी हरिद्वार से 51 शिवभक्त हरिराम सैनी, कलाकार सैनी, कृष्णा, बाला, सरुपा, गोपाल, यूट्यूबर, सीताराम, नाहरसिंह, राजेन्द्र, जितेन्द्र और शिव भक्त पदमसैनी आदि पैदल गंगाजल (डांक कांवड़) लेकर भुसावर पहुंचे।

भुसावर पहुंचने के बाद शिव भक्तों ने पंचमुखी हनुमान शिव मंदिर में पण्डित सुदामा पचौरी द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की और गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक किया। मंदिर परिसर में विश्व शांति एवं मानव कल्याण की कामना को लेकर आयोजित हवन यज्ञ में भी श्रद्धालुओं ने आहुतियां प्रदान कीं।

वहीं भुसावर के हूंकारेश्वर महादेव मंदिर, हिण्डौन सड़क मार्ग स्थित कोठी वाले हनुमान जी मंदिर, बड़वाले शिम्भू मंदिर, भगतराज वाले हनुमान जी मंदिर, रात वाले हनुमान जी मंदिर, पुरानी अनाज मंडी स्थित लक्ष्मण जी मंदिर, बरपाड़ा स्थित अथाई वाले हनुमान जी मंदिर सहित अन्य मंदिरों और शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

श्रद्धालुओं ने शिवालयों में भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्ध अभिषेक और पंचामृत से अभिषेक कर पूजा-अर्चना की। भक्तों ने परिवार में सुख, शांति और समृद्धि की मनोकामनाएं मांगीं। सावन के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के अवसर पर कांवड़ियों तथा शिव भक्तों की आस्था से क्षेत्र के शिवालयों में पूरे दिन धार्मिक वातावरण बना रहा और मंदिर परिसर हर-हर महादेव तथा बम-बम भोले के जयकारों से गूंजायमान रहे।

Tags: