तस्वीर में भुसावर के मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव पर भजन संध्या प्रस्तुत करते हुए कलाकार।

भुसावर में हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर हिण्डौन सड़क मार्ग स्थित प्राचीन कोठी वाले हनुमान जी मंदिर में भक्ति और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला। शनिवार, 7 नवम्बर को मंदिर परिसर में 56 भोग, भव्य फूल बंगला झांकी, महाआरती, दीपदान महोत्सव और भजन संध्या सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान सैकड़ों श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में पहुंचकर दर्शन किए और परिवार की सुख-शांति, समृद्धि के साथ देश में खुशहाली एवं विश्व कल्याण की कामना की।

हनुमान जन्मोत्सव अपार भक्ति और श्रद्धा का प्रतीक है। यह पर्व वर्ष में दो बार मनाया जाता है। पहली बार चैत्र मास की पूर्णिमा और दूसरी बार कार्तिक मास की चतुर्दशी तिथि को श्रद्धालु एवं भक्त मंडल अपनी-अपनी श्रद्धा के अनुसार उत्साह और हर्षोल्लास के साथ आयोजन करते हैं।

इसी क्रम में कोठी वाले हनुमान जी की कृपा और भक्त मंडल एवं जनसहयोग से 7 नवम्बर, शनिवार को मंदिर प्रांगण में हनुमान जन्म महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। मंदिर के महंत राघवेन्द्र शर्मा ने बताया कि जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में दिनभर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रमों के तहत प्रातः मंदिर परिसर में भव्य फूल बंगला झांकी सजाई गई। सुबह 10 बजे हनुमान जी के श्रृंगार दर्शन हुए तथा 11 बजे छप्पन भोग की झांकी सजाई गई। दोपहर 12 बजे ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच हनुमान जन्मोत्सव और महाआरती का आयोजन किया गया। इसके बाद शाम 6 बजकर 15 मिनट पर दीपदान महोत्सव हुआ। शाम 7 बजे से प्रभु इच्छा तक भजन संध्या आयोजित की गई।

भजन संध्या में स्थानीय और दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे अवस्थी म्यूजिकल ग्रुप के गायक कलाकार मोनू विकल अवस्थी, तेजसिंह अकेला, राहुल पाण्डेय और सन्तोष ने पवन साउन्ड की मधुर धुनों पर भजनों की प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों ने भजनों के माध्यम से हनुमान जन्मोत्सव की कथा और बाबा की महिमा का गुणगान किया। इस दौरान 'बाबा तेरे भरोसे मेरा परिवार है' सहित विभिन्न भजनों और लांगुरिया की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भक्ति गीतों पर श्रद्धालु झूमते और नृत्य करते नजर आए।

मंदिर में आयोजित सभी धार्मिक कार्यक्रमों में सैकड़ों भक्तों ने भाग लिया। श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में हाजिरी लगाकर रामभक्त हनुमान के जयकारों से मंदिर परिसर को गुंजायमान कर दिया। भक्तों ने भगवान से अपने परिवार में सुख, शांति और समृद्धि के साथ देश में खुशहाली एवं विश्व कल्याण की प्रार्थना की।

हनुमान जन्म महोत्सव के धार्मिक आयोजनों का समापन 56 भोग की प्रसादी वितरण के साथ हुआ। इस पावन अवसर पर आयोजन को सफल बनाने में सभी भक्तों का सराहनीय सहयोग रहा।

Tags: