भरतपुर की बाल पाठशाला में स्व. किशन चंद की पुण्यतिथि पर बच्चों को सामग्री वितरित की गई।

भरतपुर, 9 नवम्बर। स्वर्गीय किशन चन्द जी की प्रथम पुण्यतिथि को सेवा और परोपकार के लिए समर्पित करते हुए उनके परिवार ने विजयनगर कॉलोनी, हीराबाद के निकट संचालित नि:शुल्क बाल पाठशाला में अध्ययनरत जरूरतमंद बच्चों को स्टेशनरी एवं खाद्य सामग्री का सहयोग प्रदान किया। इस दौरान बच्चों की शिक्षा, अनुशासन और पाठशाला की व्यवस्थाओं को देखकर परिजनों ने प्रसन्नता व्यक्त की और भविष्य में भी सहयोग जारी रखने की इच्छा जताई।

बाल पाठशाला के संस्थापक दिगंबर सिंह ने बताया कि स्वर्गीय किशन चन्द जी की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर उनके सुपुत्र डॉ. दिनेशचंद (प्रभारी सीएचसी, रारह) एवं पुत्रवधू श्रीमती अंकेश कुमारी (प्रबंधक, बैंक ऑफ बड़ौदा, जयपुर) अपने परिवार सहित पाठशाला पहुंचे। यहां उन्होंने अध्ययनरत जरूरतमंद बच्चों को अनुशासन, शालीनता और शांतिपूर्वक पढ़ाई करते हुए देखा। बच्चों का व्यवहार और पढ़ाई के प्रति समर्पण देखकर वे काफी प्रसन्न एवं प्रभावित हुए।

इस दौरान उन्होंने बच्चों की शिक्षा, संस्कार एवं अनुशासन के साथ ही पाठशाला की व्यवस्थाओं और अध्यापकों द्वारा किए जा रहे समर्पित प्रयासों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। पुण्यतिथि के अवसर को सेवा एवं परोपकार से जोड़ते हुए उन्होंने बच्चों को पेन, कॉपी, फल, समोसा, मिठाई सहित अन्य स्टेशनरी एवं खाद्य सामग्री प्रदान की।

डॉ. दिनेशचंद एवं श्रीमती अंकेश कुमारी ने भविष्य में भी बाल पाठशाला के जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर सहयोग करने की इच्छा व्यक्त की। साथ ही अन्य समाजसेवियों एवं भामाशाहों से भी इस पुनीत कार्य में आगे आकर जरूरतमंद बच्चों की मदद करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान मिशन फॉर द हेल्प सोसाइटी के अध्यक्ष वीरपाल सिंह, संरक्षक प्रेम सिंह अध्यापक एवं फाउंडर दिगम्बर सिंह ने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने बच्चों की शिक्षा के लिए दिए गए इस सहयोग पर परिवार का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर बाल पाठशाला परिवार की ओर से स्वर्गीय किशन चन्द जी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही डॉ. दिनेशचंद, श्रीमती अंकेश कुमारी एवं उनके समस्त परिवार के प्रति हृदय की गहराइयों से धन्यवाद एवं साधुवाद प्रकट किया गया। बाल पाठशाला परिवार ने कहा कि किसी पुण्यतिथि को जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा एवं सेवा के लिए समर्पित करना ही दिवंगत आत्मा के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

कार्यक्रम में मुकेश कुमार, महासचिव लोहागढ़ प्रेस क्लब, ललतेश कुमारी, जिया, वरूण कुमार एवं रीना कुमारी अध्यापिकाएं उपस्थित रहीं।

Tags: