भुसावर में डंपर ठीक करते समय करंट लगने से घायल पिता-पुत्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया।   

भुसावर थाना क्षेत्र के कारवांनं गांव में सोमवार देर शाम घर पर खड़े डंपर का प्रेशर जैक ठीक करते समय बड़ा हादसा हो गया। डंपर का ऊपरी हिस्सा 11 केवी की विद्युत लाइन से संपर्क में आ गया, जिससे डंपर के नीचे खड़े पिता और उनका 12 वर्षीय बेटा करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद दोनों को भुसावर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला आरबीएम अस्पताल भरतपुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल दोनों का उपचार जारी है और बेटे की हालत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है।

कारवांनं गांव निवासी 32 वर्षीय धारा सिंह गुर्जर पुत्र रतीराम गुर्जर सोमवार देर शाम करीब 6 बजे अपना डंपर घर पर खड़ा कर उसके प्रेशर जैक में आई खराबी को ठीक कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने प्रेशर जैक की मदद से डंपर को ऊपर उठाया। तभी डंपर का ऊपरी हिस्सा 11 केवी की विद्युत लाइन से टच हो गया।

विद्युत लाइन के संपर्क में आते ही डंपर में करंट फैल गया और उसके नीचे खड़े धारा सिंह गुर्जर तथा उनके 12 वर्षीय बेटे राहुल करंट की चपेट में आ गए। अचानक करंट लगने से दोनों की चीख निकल गई। आवाज सुनकर परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और दोनों को करंट की चपेट से छुड़ाया।

इसके बाद परिजन दोनों को तत्काल भुसावर अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार दिया और बेहतर इलाज के लिए जिला आरबीएम अस्पताल भरतपुर रेफर कर दिया।

आरबीएम अस्पताल में चिकित्सकों के अनुसार, धारा सिंह गुर्जर के हाथ और पैर बुरी तरह झुलस गए हैं, जबकि उनके बेटे राहुल के दोनों हाथ और पैर करंट से गंभीर रूप से जल गए हैं। बेटे की हालत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है।

फिलहाल पिता-पुत्र दोनों को अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। घर पर डंपर का प्रेशर जैक ठीक करते समय 11 केवी विद्युत लाइन के संपर्क में आने से हुए इस हादसे में दोनों गंभीर रूप से झुलस गए।

Tags: