मैदान में ट्रॉफी और खेल किट के साथ पीएमश्री स्कूल छबड़ा की विजेता क्रिकेट टीम।

बारां/छबड़ा। सीसवाली मॉडल विद्यालय के तत्वावधान में आयोजित 19 वर्ष छात्र क्रिकेट प्रतियोगिता में पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय छबड़ा की टीम ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। टीम ने प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न मुकाबलों में प्रतिद्वंद्वी टीमों को पराजित करते हुए फाइनल मुकाबले में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय किशनगंज को हराकर जिला विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

विद्यालय के खेल प्रभारी एवं व्याख्याता शारीरिक शिक्षा सुनील शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय के छह खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इनमें युवराज नागर, मोहित, हेमंत अहीर, प्रिंस मेहर, अभिषेक सुमन एवं निर्मल शामिल हैं।

क्रिकेट टीम की इस उपलब्धि पर संस्था प्रधान चंपालाल मीणा ने खिलाड़ियों का अभिनंदन करते हुए उन्हें बधाई दी तथा राज्य स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

वहीं, विद्यालय की 19 वर्ष छात्र खो-खो टीम ने निपानिया में आयोजित प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय के दो खिलाड़ियों त्रिलोक कुमावत एवं देवेश गौड़ का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।

विद्यालय के खेल सहयोगी एवं प्रयोगशाला प्रभारी सतीश सहरिया ने बताया कि दोनों खेलों में विद्यालय के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं जिले का नाम गौरवान्वित किया है।

विद्यालय परिवार ने सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बारां जिले की 19 वर्ष छात्र क्रिकेट टीम राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पचपदरा नगर, बालोतरा में आयोजित प्रतियोगिता में भाग लेगी।

विद्यालय के खिलाड़ियों के लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय में खेल गतिविधियों को लेकर उत्साह का माहौल है।

Tags: