तस्वीर में बारां जिले में आयोजित वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के कार्यक्रम के दौरान खड़े हुए लोग दिखाई दे रहे हैं।

बारां जिले में वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रविवार को राष्ट्रगीत का सामूहिक गान किया गया। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के आह्वान पर आयोजित ‘नमामि भारतम्—वंदे मातरम्’ अभियान के तहत ठीक प्रातः 11 बजे जिले के 190 स्थानों पर लगभग 35 हजार लोगों ने एक साथ, एक स्वर और एक लय में वंदे मातरम् का सामूहिक गान किया।

कार्यक्रम में जिले के सरकारी एवं निजी विद्यालयों के विद्यार्थी, आचार्य, अभिभावक और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग सहभागी बने। निर्धारित समय पर जिलेभर में एक साथ गूंजे वंदे मातरम् के स्वरों से राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय चेतना का भाव मुखर हुआ।



विद्या भारती शिक्षा संस्थान बारां के जिला अध्यक्ष प्रमोद कुमार राठौर एवं जिला मंत्री अशोक कुमार योगी ने बताया कि वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में आयोजित इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत बारां जिले में भी व्यापक स्तर पर सहभागिता सुनिश्चित की गई। जिले के 190 स्थानों पर लगभग 35 हजार लोगों की सहभागिता इस अभियान की जनव्यापकता को दर्शाती है।

सभी आयोजन स्थलों पर कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के पूजन एवं पुष्पार्चन से किया गया। इसके बाद निर्धारित समय पर सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गान हुआ। इस अवसर पर वक्ताओं ने ‘वंदे मातरम् की वर्तमान प्रासंगिकता’ विषय पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् भारतीय संस्कृति, मातृभूमि के प्रति श्रद्धा और राष्ट्रभक्ति की भावना का सशक्त प्रतीक है।

आयोजकों ने बताया कि देशभर में एक साथ आयोजित इस व्यापक सामूहिक गान को एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स एवं इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में कीर्तिमान के रूप में दर्ज किए जाने की प्रक्रिया के अंतर्गत शामिल किया गया है। विद्या भारती के जिला सचिव राजेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों और समाज के बीच राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक गौरव तथा मातृभूमि के प्रति कर्तव्यबोध का संदेश दिया गया।

वंदे मातरम् के सामूहिक गान के माध्यम से जिले के 190 स्थानों पर एक साथ लगभग 35 हजार लोगों की सहभागिता दर्ज हुई। इस मौके पर एमिनेंट कॉलेज के निदेशक प्रवीण शर्मा एवं डॉक्टर सुधीरा और सेवानिवृत्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सरोज दीक्षित विशेष रूप से उपस्थित थे।

Tags: