बारां: देव दीपावली पर स्वीप दीपदान से मतदाता जागरूकता का संदेश
| मनिहारा महादेव मंदिर में दीपदान, रंगोली व शपथ के जरिए SSR-2027 तहत पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्तिक पूर्णिमा पर बारां के मनिहारा मंदिर में स्वीप दीपदान से पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में जोड़ा गया।
बारां। देव दीपावली के अवसर पर मनिहारा महादेव मंदिर परिसर में दीपों की रोशनी के साथ लोकतंत्र में भागीदारी और मतदाता जागरूकता का संदेश भी जगमगा उठा। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम (SSR-2027) के तहत जिले में कोई भी पात्र नागरिक मतदाता पंजीयन से वंचित न रहे, इसके लिए मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा पर स्वीप दीपदान महोत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दीपदान, रंगोली, आरती और मतदाता जागरूकता गीतों के माध्यम से शत-प्रतिशत मतदाता पंजीयन का संदेश दिया गया। पारंपरिक वेशभूषा में पहुंची मातृशक्ति ने रंगोली सजाकर और दीप प्रज्वलित कर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के संकल्प को उत्सव का स्वरूप दिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर बालमुकुंद असावा तथा सीईओ एवं नोडल अधिकारी स्वीप शिवेंद्र प्रताप के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला निर्वाचन कार्यालय के एओ प्रमोद राठौड़ और सह प्रभारी स्वीप अमित भार्गव ने उपस्थित मतदाताओं के साथ मनिहारा सरोवर पर आरती की। इसके बाद SIR की आकृति में सजाई गई दीपमाला के माध्यम से दीपदान किया गया। धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन के बीच दीपों से उकेरी गई SIR की आकृति ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के उद्देश्य को जनसामान्य तक पहुंचाने के साथ मतदाता जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह को लोकतांत्रिक परंपराओं और संवैधानिक मूल्यों की मर्यादा बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। लोगों ने धर्म, जाति, वर्ग, समुदाय, भाषा अथवा किसी भी प्रकार के प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना निर्भीक और निष्पक्ष होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने का संकल्प लिया। साथ ही युवाओं और अन्य पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने तथा पंजीयन के पात्र परिवारजनों और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की गई। कार्यक्रम में इस बात पर जोर दिया गया कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकृत होना जरूरी है।
मतदाता जागरूकता गीतों ने आयोजन में उत्साह का माहौल बनाया। पारंपरिक चुनरी वेशभूषा में पहुंची महिला मतदाताओं ने आकर्षक रंगोलियां सजाईं और उनमें SSR सहित मतदाता जागरूकता से जुड़े संदेश उकेरे। दीपकों से सजी रंगोलियों ने देव दीपावली के आयोजन को मतदाता जागरूकता से जोड़ दिया। मातृशक्ति सहित उपस्थित मतदाताओं ने दीपदान के साथ शत-प्रतिशत मतदाता पंजीयन का संकल्प दोहराया और पात्र युवाओं एवं नागरिकों को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य मंजू राठौर, सहायक प्रोफेसर डॉ. मोहिनी सागवान, समाजसेविका शकुन्तला नागर, स्मिता भार्गव, निशा नागर, प्रीति भार्गव, कैंपस एंबेसडर प्रिया नागर, ईएलसी अध्यक्ष सुहानी सोपरा, शिक्षक राजेंद्र प्रसाद मीणा, स्वीप सदस्य, मंदिर परिसर में उपस्थित मतदाता और गणमान्यजन मौजूद रहे। देव दीपावली के इस आयोजन के माध्यम से धार्मिक उत्सव के साथ मतदाता सूची के पुनरीक्षण और प्रत्येक पात्र नागरिक के पंजीयन की आवश्यकता को लेकर जागरूकता का संदेश प्रसारित किया गया।