बारां नगर परिषद में AAP का दबदबा, तेजेश सुमन ने कांग्रेस के नवीन सोन को 31 मतों से हराया
बारां नगर परिषद उपसभापति चुनाव में आम आदमी पार्टी के तेजेश सुमन ने 31 मत हासिल कर कांग्रेस के नवीन सोन को हराया। अटरू, सीसवाली, अंता और छबड़ा के उपाध्यक्ष चुनाव के नतीजे भी सामने आए।
तस्वीर में बारां नगर परिषद के उपसभापति पद के विजेता तेजेश सुमन गले में फूलों की माला पहने नजर आ रहे हैं।
बारां नगर परिषद में मंगलवार को उपसभापति पद के चुनाव में थर्ड फ्रंट आम आदमी पार्टी के तेजेश सुमन ने जीत दर्ज की। उपसभापति पद के लिए आम आदमी पार्टी की ओर से तेजेश सुमन और कांग्रेस की ओर से नवीन सोन ने रिटर्निंग ऑफिसर रामावतार मीणा के समक्ष नामांकन पत्र प्रस्तुत किया।
मतदान के बाद तेजेश सुमन को 31 मत मिले, जबकि कांग्रेस के नवीन सोन को 19 मत प्राप्त हुए। इस तरह तेजेश सुमन को विजयी घोषित किया गया। भाजपा ने इस बार भी मतदान में भाग नहीं लिया।
बारां नगर परिषद में इस बार मतदाताओं ने भाजपा और कांग्रेस से दूरी बनाते हुए थर्ड फ्रंट आम आदमी पार्टी को काम करने का मौका दिया है। इसका आधार पूर्व सभापति कमल राठौर के ढाई साल के कार्यकाल में किए गए अनेक विकास कार्य, शहर का सौंदर्यीकरण और अन्य कार्यों को माना गया है। इसी आधार पर थर्ड फ्रंट ने अपनी लड़ाई जीती है। सोमवार को बारां नगर परिषद में पूर्व सभापति कमल राठौर की धर्मपत्नी शीतल राठौर सभापति पद पर निर्वाचित हुई थीं।
इसी तरह अटरू नगर पालिका में उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस के मनोज सुमन निर्वाचित हुए। उन्होंने भाजपा की प्रियंका सैन को पराजित किया। सीसवाली नगरपालिका में मंगलवार को हुए उपाध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस के चंद्रभान कहार ने भाजपा के पियूष नागर को हराया।
अंता में भाजपा ने बाजी पलट दी। यहां उपाध्यक्ष पद के लिए विष्णु कुमारी नागर निर्वाचित हुईं। कांग्रेस की ओर से निर्दलीय पार्षद मोहम्मद शारिक खान ने आवेदन किया था, लेकिन भाजपा की ओर से आपत्ति दर्ज करवाए जाने के बाद उनका नामांकन स्वीकार नहीं किया गया। इसके चलते भाजपा ने यहां जीत दर्ज की।
छबड़ा में कांग्रेस के देवेंद्र शर्मा उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। संपन्न हुए मतदान में कांग्रेस को 19, भाजपा को 13 और नोटा को 2 मत मिले, जबकि एक मत खारिज हुआ। इस तरह बारां जिले की विभिन्न नगर निकायों में उपाध्यक्ष पद के चुनाव में अलग-अलग राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की।