बारां के स्कूल में नो बैग डे पर निर्वाचन क्विज व निबंध प्रतियोगिता में हिस्सा लेते विद्यार्थी और शिक्षक।  

 लोकतंत्र की मजबूती और मतदान के महत्व को लेकर युवा पीढ़ी को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को बारां जिले के सभी विद्यालयों में नो बैग डे के अवसर पर निर्वाचन क्विज एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 के तहत आयोजित इन गतिविधियों में विद्यार्थियों ने निर्वाचन प्रक्रिया, लोकतांत्रिक मूल्यों और मतदाता अधिकारों की जानकारी प्राप्त की। वहीं, पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय बारां में कविता पाठ और जागरूकता गीतों के माध्यम से मतदान का संदेश दिया गया।

मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी गेंदा लाल रेगर ने बताया कि निर्वाचन विभाग राजस्थान के निर्देशानुसार शैक्षणिक संस्थानों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) गतिविधियों के तहत इन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक चेतना विकसित करना और उन्हें अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को मतदाता जागरूकता के लिए प्रेरित करने के योग्य बनाना है।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर बालमुकुंद असावा तथा सीईओ एवं स्वीप के नोडल अधिकारी शिवेंद्र प्रताप के निर्देशन में गजनपुरा स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में विशेष मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें सह प्रभारी स्वीप अमित भार्गव ने विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ को निर्भीक, निष्पक्ष एवं स्वतंत्र रूप से मतदान करने तथा पात्र युवाओं का मतदाता सूची में शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित कराने की शपथ दिलाई।

अमित भार्गव ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक जागरूक मतदाता की भागीदारी पर निर्भर करती है। मतदाता सूची में नाम दर्ज होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी की पहली सीढ़ी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि पात्र होने पर वे स्वयं मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाएं और अपने परिवार एवं परिचितों में 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को भी पंजीयन के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जागरूक विद्यार्थी समाज में मतदाता जागरूकता का प्रभावी संदेश पहुंचा सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान मतदान का महत्व विषय पर निबंध लेखन और निर्वाचन क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इनमें विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया और निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता अधिकारों तथा लोकतंत्र में नागरिकों की भूमिका से जुड़े सवालों के जवाब देकर अपनी जानकारी का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम प्रभारी ललित महावर ने बताया कि विद्यार्थियों ने मतदाता जागरूकता विषय पर कविता पाठ भी किया। वहीं, ईएलसी कोऑर्डिनेटर ममता नागर ने 'अब तो जागो रे मतदाता, वोट-वोट की कीमत को पहचानो' गीत प्रस्तुत कर मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

प्रधानाचार्य राजेश द्विवेदी ने पात्र विद्यार्थियों से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने और अपने परिचितों को भी पंजीयन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को विद्यालय की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता प्रभारी विजय सिंह मीणा ने बताया कि निर्वाचन क्विज में शिवन्या कुमारी ने प्रथम और हरदीप वर्मा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

इसी क्रम में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कलमंडा के ईएलसी कोऑर्डिनेटर पूरणमल धाकड़ ने बताया कि विद्यालय में आयोजित निर्वाचन क्विज प्रतियोगिता में कनिष्क प्रथम और हिमांशु गुर्जर द्वितीय स्थान पर रहे।

कार्यक्रम में पीईईओ भंवर बना मीणा, व्याख्याता महावीर जाट, बालकराम नागर, संगीतज्ञ सूर्य नंदन नागर सहित विद्यालय के स्टाफ सदस्य और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। जिलेभर के विद्यालयों में आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने, पात्र युवाओं का मतदाता सूची में पंजीयन कराने और मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश परिवार एवं समाज तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

Tags: