बारां में भाजपा का छात्र-छात्राओं से संवाद, SIR को लेकर राहुल गांधी पर लगाए आरोप
| बारां में भाजपा के प्रदेशव्यापी ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत छात्र-छात्राओं से संवाद हुआ। कार्यक्रम में SIR की प्रक्रिया समझाने के साथ राहुल गांधी पर आरोप लगाए गए और युवाओं से लोकतंत्र मजबूत करने की अपील की गई।
बारां में भाजपा पदाधिकारी छात्र-छात्राओं को संवाद कार्यक्रम में संबोधित कर रहे हैं।
बारां। भारतीय जनता पार्टी, जिला बारां की ओर से प्रदेशव्यापी आह्वान ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के तहत छात्र-छात्राओं से संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने युवाओं से लोकतंत्र की मजबूती, SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) और मतदाता सूची में नामों के सत्यापन को लेकर चर्चा की।
कार्यक्रम के संयोजक पुनीत माहेश्वरी, जिला सह-संयोजक रोहित नायक एवं भाजपा कार्यकर्ता सोनू यादव ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि लोकतंत्र देश की सबसे बड़ी ताकत है और अराजकता उसकी सबसे बड़ी दुश्मन है। उन्होंने युवाओं से ऐसी ताकतों से सतर्क रहने की अपील की, जो उन्हें भ्रमित कर सड़कों पर उतारने का प्रयास कर रही हैं।
संवाद के दौरान SIR (Special Intensive Revision) की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया। वक्ताओं ने इसे मतदाता सूची के सत्यापन और संशोधन की प्रक्रिया बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य फर्जी नामों को हटाना और पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल करना है। इसे समझाने के लिए कोचिंग के उपस्थिति रजिस्टर का उदाहरण दिया गया। उन्होंने कहा कि जिस तरह नियमित रूप से पढ़ाई नहीं करने वाले विद्यार्थी का नाम हटाना और रोज पढ़ने आने वाले विद्यार्थी का नाम जोड़ना जरूरी होता है, उसी तरह मतदाता सूची से फर्जी नाम हटाना और सही मतदाताओं के नाम जोड़ना SIR का उद्देश्य है।
वक्ताओं ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे SIR के नाम पर युवाओं को भड़काकर देश में अराजकता का माहौल बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ समय पूर्व बांग्लादेश, श्रीलंका और नेपाल में जो घटनाक्रम हुआ, उसी तरह का पैटर्न भारत में भी अपनाने का प्रयास किया जा रहा है। वक्ताओं ने युवाओं से ऐसे प्रयासों के प्रति सतर्क रहने का आह्वान करते हुए कहा कि भारत का युवा समझदार है और वह किताब उठाएगा, पत्थर नहीं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने लोकतंत्र को मजबूत करने और अफवाहों से दूर रहने का संकल्प लिया। संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के साथ भाजपा कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।