Prayagraj News: प्रयागराज में जमीन के नीचे 5 फीट गहरे गड्ढे से मिले 500-500 के नोटों के तीन ड्रम
प्रयागराज के नवाबगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए 500 रुपये के नोटों से भरे तीन ड्रम बरामद किए हैं।
प्रयागराज के बरईपुर गांव में पुलिस ने जमीन के नीचे छिपाए गए नोटों के ड्रम बरामद किए。
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में जमीन के नीचे छिपाकर रखी गई भारी नकदी मिलने से हड़कंप मच गया। गंगापार के नवाबगंज थाना क्षेत्र स्थित बरईपुर (रामनगर) गांव में एक मकान के कमरे के फर्श के नीचे करीब 5 फीट गहरे गड्ढे में दबाकर रखे गए तीन ड्रम बरामद किए गए हैं। इन ड्रमों में काली पन्नी में लपेटकर रखी गई 500 रुपये के नोटों की गड्डियां और थपियां भरी हुई थीं। नकदी की मात्रा इतनी अधिक बताई जा रही है कि पुलिस और बैंक की टीमें नोट गिनने वाली मशीनों के साथ मौके पर जुटी हुई हैं। गांव में बरामद रकम 60 करोड़ रुपये से अधिक होने के दावे किए जा रहे हैं, हालांकि आधिकारिक तौर पर कुल राशि की पुष्टि होना बाकी है।
पुलिस के अनुसार, बरामदगी नवाबगंज थाना क्षेत्र के बरईपुर गांव में मकान के भीतर खुदाई के दौरान हुई। मकान मालिक राजेश यादव उर्फ बबलू और उसका भाई करीब 15 साल पहले महाराष्ट्र के मुंबई और पुणे में एक कंपनी या फर्म में काम करते थे। लगभग 5 वर्ष पूर्व दोनों गांव लौट आए। इसके बाद उन्होंने कई बीघा जमीन, नए ट्रैक्टर-ट्राली और पिकअप वाहन खरीद लिए। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि आरोपी नोटबंदी के दौरान कंपनी से भारी रकम लेकर गांव आया था। इसके बाद उसने नकदी को नीले और स्टील के बड़े ड्रमों में भरकर अपने मकान के एक कमरे के फर्श के नीचे गड्ढा खोदकर छिपा दिया था।
जानकारी के मुताबिक, हाल ही में आरोपी का अपने पट्टीदार से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। कहासुनी के दौरान जमीन में दबाकर रखी गई नकदी का राज सामने आ गया। इसी बीच पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष चेकिंग और अपराध नियंत्रण अभियान के दौरान एक मुखबिर ने डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार को इस संबंध में सटीक सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और बुधवार रात आरोपी के मकान की घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया।
आरोपी से कड़ाई से पूछताछ करने और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने कमरे का फर्श तुड़वाकर करीब 5 फीट गहरी खुदाई कराई। खुदाई के दौरान एक के बाद एक तीन ड्रम बाहर निकाले गए। ड्रम खोले गए तो उनमें 500-500 रुपये के कड़क नोटों की गड्डियां और थपियां भरी मिलीं। इतनी बड़ी मात्रा में नकदी देखकर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भी दंग रह गए। इसके बाद आनन-फानन में बैंक अधिकारियों को नोट गिनने वाली मशीनों के साथ बुलाया गया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, कई करोड़ रुपये की गिनती की जा चुकी है। हालांकि, बरामद नकदी की वास्तविक कुल राशि अभी सामने नहीं आई है। गांव में इस रकम के 60 करोड़ रुपये से अधिक होने के दावे किए जा रहे हैं। पुलिस और बैंक की टीमें नोटों की गिनती में जुटी हैं, जबकि नकदी के स्रोत का पता लगाने के लिए आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आयकर विभाग और अन्य जांच एजेंसियों को भी सूचित कर दिया है। डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार ने बताया कि बरईपुर में भारी नकदी मिलने के बाद आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है। नोटों की पूरी गिनती समाप्त होने और जांच पूरी होने के बाद ही बरामद रकम की आधिकारिक पुष्टि की जा सकेगी। इसके साथ ही नकदी के स्रोत के संबंध में भी जांच की जा रही है।
फिलहाल सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने पूरे मकान को सील कर दिया है। अब आयकर विभाग और अन्य जांच एजेंसियों की कार्रवाई के साथ नकदी की वास्तविक मात्रा और उसके स्रोत का खुलासा होने का इंतजार है।