हापुड़ के जेएमएस खेल महोत्सव 2026 में मुख्य अतिथियों को सम्मानित करते आयोजक।

हापुड़ में आयोजित जेएमएस खेल महोत्सव-2026 के तीसरे दिन फुटबॉल प्रतियोगिताओं में जेएमएस वर्ल्ड स्कूल और सेवंथ डे एडवेंटिस्ट सीनियर स्कूल की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किए। चार दिवसीय खेल महोत्सव के तहत आयोजित मुकाबलों में विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने खेल कौशल, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का प्रदर्शन कर दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

जेएमएस वर्ल्ड स्कूल, हापुड़ में चल रहे खेल महोत्सव का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि एकलव्य सिंह सहारा, एनसीआर अध्यक्ष, भारतीय किसान यूनियन, डॉ. सुदर्शन त्यागी, स्पोर्ट्स हेड, एसएसवी डिग्री कॉलेज, हापुड़, डॉ. रोहन सिंघल, सचिव, जेएमएस ग्रुप, श्री आयुष सिंघल, मैनेजिंग डायरेक्टर, जेएमएस ग्रुप तथा डॉ. निधि मलिक, प्रधानाचार्य, जेएमएस वर्ल्ड स्कूल ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेलों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

मुख्य अतिथि एकलव्य सिंह सहारा ने अपने संबोधन में कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग हैं। आज खेल केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि युवाओं के लिए आजीविका और करियर निर्माण का सशक्त माध्यम भी बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि खेलों से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामूहिक रूप से कार्य करने की भावना विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि प्रतियोगिताओं में भागीदारी और निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास सफलता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।


डॉ. सुदर्शन त्यागी ने बताया कि जेएमएस खेल महोत्सव का आयोजन 26 से 29 अक्टूबर तक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और प्रतिस्पर्धात्मक खेलों का अनुभव प्राप्त करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने जानकारी दी कि 29 अक्टूबर को एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं के साथ खेल महोत्सव का विधिवत समापन होगा।

जेएमएस वर्ल्ड स्कूल की प्रधानाचार्य डॉ. निधि मलिक ने बताया कि खेल महोत्सव के तीसरे दिन आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिताओं में लगभग 16 विद्यालयों की टीमों ने भाग लिया। इनमें ब्रेनवेव्स इंटरनेशनल स्कूल, सेवंथ डे एडवेंटिस्ट सीनियर स्कूल तथा एनएस टर्फ सहित अन्य प्रमुख टीमों ने हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि खेल महोत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को निखारना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।

फुटबॉल प्रतियोगिता के अंडर-14 वर्ग में जेएमएस वर्ल्ड स्कूल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रेनवेव्स इंटरनेशनल स्कूल को 2-0 से पराजित किया और स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं, अंडर-19 वर्ग में सेवंथ डे एडवेंटिस्ट सीनियर स्कूल की टीम ने जेएमएस वर्ल्ड स्कूल को 4-1 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

आयोजन सचिव दीपांशु गर्ग ने बताया कि फुटबॉल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी खेल महोत्सव को सफल बना रही है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने, खेल कौशल में सुधार करने और भविष्य में उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने का अवसर देती हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार की भी सक्रिय सहभागिता रही। खेल महोत्सव के अंतिम दिन 29 अक्टूबर को होने वाली एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं के साथ आयोजन का समापन होगा।

Tags: