हापुड़ में जनगणना 2027 के दूसरे चरण के प्रशिक्षण का औचक निरीक्षण करतीं डीएम कविता मीना।

हापुड़ में भारत की जनगणना 2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जनगणना कार्य को त्रुटिरहित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कविता मीना ने एसएसवी इंटर कॉलेज हापुड़ में चल रहे जनगणना कर्मियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता का जायजा लेते हुए प्रगणकों और सुपरवाइजरों से सीधे संवाद किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण ले रहे कर्मियों से जनगणना फॉर्म भरने की प्रक्रिया, नई तकनीकों और डिजिटल जनगणना ऐप के उपयोग के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ऐप के संचालन और जनगणना कार्य से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रगणकों से सवाल-जवाब कर उनकी समझ और तैयारियों को परखा।

जिलाधिकारी कविता मीना ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनगणना के दौरान शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए प्रत्येक घर का दौरा किया जाए और कोई भी परिवार या नागरिक गणना से छूटने न पाए। उन्होंने जनगणना के दौरान जनता से एकत्रित किए जाने वाले सभी आंकड़ों की गोपनीयता और सुरक्षा हर हाल में बनाए रखने पर भी जोर दिया।

डीएम ने प्रगणकों और सुपरवाइजरों को निर्देशित किया कि फील्ड में किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचने के लिए प्रशिक्षण को पूरी गंभीरता से लें। उन्होंने कहा कि जनगणना देश का बेहद महत्वपूर्ण और जिम्मेदारी भरा कार्य है, जिसे पूरी पारदर्शिता, निष्ठा और शुद्धता के साथ पूरा किया जाना चाहिए।

डिजिटल माध्यम से संपन्न होने वाली इस बार की जनगणना में आंकड़ों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए कि प्रशिक्षण के दौरान ही प्रगणक अपनी सभी शंकाओं का समाधान कर लें, ताकि जमीनी स्तर पर डेटा फीडिंग के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। प्रशिक्षण की गुणवत्ता, आंकड़ों की गोपनीयता और प्रत्येक घर तक पहुंच सुनिश्चित करना जनगणना कार्य को व्यवस्थित एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए प्रशासन की प्राथमिकता है।

Tags: