एटा में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, 33 वर्षीय अंशुल पांडेय की मौत से करवा चौथ पर मातम
जैथरा थाना क्षेत्र में वरना रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत होने से 33 वर्षीय अंशुल पांडेय की मौत हो गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
एटा के जैथरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर सड़क हादसे के बाद मौजूद ग्रामीण और परिजन।
एटा के जैथरा थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुए सड़क हादसे ने एक परिवार की करवा चौथ की खुशियों को मातम में बदल दिया। वरना रोड पर ढाकपुरा स्थित राजकीय महाविद्यालय के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार 33 वर्षीय अंशुल पांडेय की मौत हो गई। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान ग्राम वरना निवासी अंशुल पांडेय पुत्र विजेंद्र सिंह पांडेय के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, अंशुल जैथरा कस्बे से बाजार करने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान वरना रोड पर ढाकपुरा स्थित राजकीय महाविद्यालय के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अंशुल गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद घायल अंशुल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैथरा ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। अंशुल की मौत से उनकी मां और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों ने बताया कि अंशुल की शादी करीब 6 वर्ष पहले हुई थी। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। पिता विजेंद्र सिंह पांडेय के अनुसार, बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
हादसे का सबसे दुखद पहलू यह रहा कि करवा चौथ के पर्व को लेकर अंशुल की पत्नी आरती घर में तैयारियों में जुटी थी और पति के लौटने का इंतजार कर रही थी। जिस दिन परिवार को त्योहार की खुशियां मनानी थीं, उसी दिन अंशुल की मौत की खबर ने सब कुछ बदल दिया। पति की राह देख रही आरती और परिवार के अन्य सदस्यों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इस हादसे की खबर से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।