खुर्जा के एकेपी डिग्री कॉलेज में एआई आधारित स्पोकन इंग्लिश कार्यक्रम के तहत एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।

खुर्जा के एकेपी डिग्री कॉलेज में छात्राओं को अंग्रेजी भाषा में दक्ष बनाने और उनके संवाद कौशल को बेहतर करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित स्पोकन इंग्लिश कार्यक्रम की शुरुआत की दिशा में पहल की गई। इसके तहत आईआईसी सेल और आईएसीटी एजुकेशन प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को एआई तकनीक के माध्यम से अंग्रेजी बोलने, उच्चारण सुधारने और संवाद कौशल विकसित करने के तरीके बताए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. डिंपल विज और आईएसीटी के प्रतिनिधि अली ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया। कार्यक्रम संयोजिका डॉ. एकता चौहान ने बताया कि व्याख्यान का विषय 'AI-Powered Spoken English Assessment and Practice Program' था। इसकी थीम 'अपनी आवाज को सशक्त बनाएं, अपने भविष्य के द्वार खोलें' रखी गई।

कार्यक्रम के प्रथम चरण में एकेपी डिग्री कॉलेज और आईएसीटी एजुकेशन प्राइवेट लिमिटेड के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के माध्यम से छात्राओं को एआई आधारित स्पोकन इंग्लिश प्रशिक्षण एवं अभ्यास कार्यक्रम से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

मुख्य वक्ता अली ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते प्रभाव और वर्तमान समय में इसकी उपयोगिता पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एआई की मदद से अंग्रेजी भाषा सीखने, सही उच्चारण का अभ्यास करने और संवाद कौशल को बेहतर बनाने में किस प्रकार सहायता मिल सकती है। उन्होंने अंग्रेजी को वैश्विक स्तर पर संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए छात्राओं को आधुनिक तकनीक का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर प्राचार्या प्रो. डिंपल विज ने छात्राओं को एआई आधारित स्पोकन इंग्लिश कोर्स से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम छात्राओं के आत्मविश्वास, भाषा कौशल और व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। महाविद्यालय छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर रोजगारपरक और कौशल विकास से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करता रहता है।

आईएसीटी एजुकेशन प्राइवेट लिमिटेड के साथ हुआ यह एमओयू छात्राओं को आधुनिक तकनीक के माध्यम से अंग्रेजी भाषा का अभ्यास करने और अपने संवाद कौशल को विकसित करने का अवसर प्रदान करेगा।

Tags: