हापुड़ में प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत लाभार्थी महिलाओं को मुफ्त गैस सिलेंडर रिफिल का लाभ सौंपा गया।   

दीपावली के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार ने हापुड़ जिले के प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के 71,530 लाभार्थी परिवारों को मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर रिफिल की सुविधा देने की घोषणा के तहत योजना का शुभारंभ किया है। लखनऊ स्थित लोक भवन से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डिजिटल माध्यम से प्रदेशव्यापी योजना की शुरुआत की। इसके तहत प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र परिवारों को गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी का लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस योजना के लिए 1,500 करोड़ रुपये की धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से हस्तांतरित की। इससे दीपावली के त्योहार पर पात्र परिवारों को रसोई गैस सिलेंडर रिफिल कराने में आर्थिक राहत मिलेगी।

योजना के शुभारंभ के अवसर पर हापुड़ जिले में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें सदर विधायक विजय पाल आढ़ती, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रेखा नागर, सांसद प्रतिनिधि अशोक बबली और गणमान्य अतिथि विनोद गुप्ता शामिल हुए। कार्यक्रम में हापुड़ के जिलाधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी सहित प्रशासन के तमाम वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाओं को मुफ्त गैस सिलेंडर रिफिल का लाभ सौंपा। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना महिलाओं को रसोई के धुएं से मुक्ति दिलाने और उनके स्वास्थ्य की रक्षा करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। स्वच्छ ईंधन को बढ़ावा मिलने से ग्रामीण और गरीब परिवारों का जीवन आसान और सुरक्षित हुआ है।

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि दीपावली के अवसर पर मुफ्त गैस सिलेंडर रिफिल की सुविधा मिलने से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को राहत मिलेगी तथा उनके त्योहार का उत्साह बढ़ेगा।

वहीं, जिला प्रशासन और जिला पूर्ति विभाग ने स्पष्ट किया कि हापुड़ के सभी 71,530 पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन ने पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि लाभार्थियों को योजना का लाभ लेने में किसी तरह की परेशानी न हो।

प्रदेशभर में 1.89 करोड़ से अधिक उज्ज्वला लाभार्थी परिवारों के लिए 1,500 करोड़ रुपये की सब्सिडी राशि का हस्तांतरण और हापुड़ के 71,530 परिवारों को मिलने वाली सुविधा दीपावली पर स्वच्छ रसोई ईंधन को बढ़ावा देने की इस पहल का प्रमुख हिस्सा है।

Tags: