हापुड़ में थार गाड़ी की छत पर खड़े युवक और रुकी एंबुलेंस दिख रही है।

उत्तर प्रदेश के हापुड़ में सड़क के बीचोंबीच थार गाड़ी खड़ी कर उसकी छत पर चढ़कर डांस करने का मामला सामने आया है। इस दौरान पीछे से मरीजों को लेकर आ रहीं एंबुलेंस लगातार सायरन बजाकर रास्ता मांगती रहीं, लेकिन हुड़दंग मचा रहे युवकों ने उन्हें रास्ता नहीं दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मामला जनपद के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बछलौता का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में कुछ युवक बीच सड़क पर थार गाड़ी खड़ी करके उसकी छत पर चढ़कर डांस करते दिखाई दे रहे हैं। युवकों की इस हरकत के कारण सड़क पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। इसी दौरान पीछे से मरीजों को लेकर आ रहीं एंबुलेंस लगातार सायरन बजाती रहीं, लेकिन अपनी मस्ती में मशगूल युवकों ने आपातकालीन वाहनों को रास्ता देने की जहमत तक नहीं उठाई।

आपातकालीन सेवा से जुड़ी एंबुलेंस को इस तरह रास्ते में रोकने से मरीजों की जान पर गंभीर खतरा पैदा हो सकता था। समय पर रास्ता नहीं मिलने की स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में देरी हो सकती थी।

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने युवकों के गैरजिम्मेदाराना और लापरवाह रवैये पर कड़ी नाराजगी जताई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर इस तरह हुड़दंग करना न केवल यातायात नियमों का खुला उल्लंघन है, बल्कि संवेदनहीनता की भी पराकाष्ठा है।

अब वायरल वीडियो के आधार पर हापुड़ पुलिस की कार्रवाई पर नजर है। देखना होगा कि पुलिस थार गाड़ी और सड़क पर हुड़दंग मचाने वाले युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ क्या सख्त कदम उठाती है।

Tags: