28 लाख रुपये के विवाद में बरेली में खूनी वारदात, पिता-पुत्र पर फायरिंग, 23 वर्षीय बेटे की मौत
| बरेली के आंवला में 28 लाख रुपये के लेनदेन के विवाद में पिता-पुत्र पर घात लगाकर फायरिंग की गई। हमले में 23 वर्षीय अकरम अली की मौत हो गई, जबकि उनके पिता अशरफ अली घायल हुए। पुलिस फरार हमलावरों की तलाश में जुटी है।
बाईं ओर मृतक अकरम अली की फाइल फोटो और दाईं ओर बरेली के आंवला स्थित घटनास्थल पर जांच करती पुलिस, जहां 28 लाख रुपये के लेनदेन विवाद में हत्या की गई।
बरेली के आंवला क्षेत्र में भैंसों की खरीद-फरोख्त के दौरान 28 लाख रुपये के लेनदेन को लेकर चल रहा विवाद हिंसक वारदात में बदल गया। फार्म से घर लौट रहे पिता-पुत्र पर पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। हमले में 23 वर्षीय अकरम अली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता अशरफ अली गोली लगने से घायल हो गए। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, आंवला के फुटा दरवाजा स्थित घेर जाफर खां निवासी सय्यद अकरम अली खेती और पशुपालन का काम करते थे। उनके घर से करीब तीन किलोमीटर दूर गाय-भैंसों का फार्म है। रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे अकरम अली अपने पिता अशरफ अली के साथ फार्म से घर लौट रहे थे।
दोनों फार्म से कुछ दूरी पर ही पहुंचे थे कि पहले से घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने अकरम अली के सिर और गले को निशाना बनाकर गोलियां चलाईं। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनके पिता अशरफ अली के हाथ में गोली लग गई।
गोली लगने के बावजूद अशरफ अली ने हिम्मत दिखाते हुए एक परिचित को फोन किया और घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों को तत्काल अस्पताल लेकर गए। वहां चिकित्सकों ने अकरम अली को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अशरफ अली के घायल हाथ पर ड्रेसिंग करने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
प्रारंभिक जांच में वारदात के पीछे भैंसों की खरीद-फरोख्त से जुड़ा 28 लाख रुपये का लेनदेन सामने आया है। बताया जा रहा है कि इस रकम को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस इस रंजिश को हमले की वजह मानकर जांच कर रही है।
बेटे की हत्या के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए तथा घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने अकरम अली के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।