बुलंदशहर के सिकंदराबाद क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया 25 हजार रुपये का इनामी आरोपी रवि कुमार (बीच में बैंगनी टी-शर्ट में), जो बच्ची की हत्या के मामले में फरार था।

बुलंदशहर के सिकंदराबाद में मासूम बच्ची की हत्या के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी रवि कुमार को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। 15 नवंबर को थाना सिकंदराबाद पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान आरोपी ने पुलिस अभिरक्षा से भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दोनों पैरों में लगी। मुठभेड़ के दौरान एक उपनिरीक्षक भी गोली लगने से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर हत्याकांड से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य और अन्य सामग्री बरामद करने के लिए पुलिस टीम उसे बताए गए स्थान पर लेकर पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी ने पहले से छिपाकर रखे गए तमंचे से पुलिसकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली उपनिरीक्षक के बाएं हाथ में लगी, जबकि दूसरी गोली एक अन्य उपनिरीक्षक के कान के पास से निकल गई।

पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें रवि कुमार के दोनों पैरों में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। घायल उपनिरीक्षक और आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इस मामले में 7 नवंबर 2026 को थाना सिकंदराबाद क्षेत्र में एक मासूम बच्ची की हत्या की वारदात हुई थी। घटना के संबंध में थाना सिकंदराबाद में मुकदमा अपराध संख्या 1078/26 दर्ज किया गया था। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 238, 65(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 5/6 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

वारदात के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बुलंदशहर की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि कुमार पुत्र राजू निवासी ग्राम कुंवरपुर तरौयन, थाना सौरिख, जनपद कन्नौज के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का डबल बैरल तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और घटना से संबंधित अन्य सामग्री बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद सिकंदराबाद बच्ची हत्याकांड में फरार चल रहे इनामी आरोपी की गिरफ्तारी हो गई है। फिलहाल मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Tags: