तस्वीर में मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ)-2026 के दौरान उत्तर प्रदेश पैवेलियन का उद्घाटन करते हुए नजर आ रहे हैं।

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश की पारंपरिक मिठास, सदियों पुरानी हस्तशिल्प कला और स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के उद्देश्य से 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ)-2026 में प्रदेश ने अपनी विविधता प्रदर्शित की है। भारत मंडपम (प्रगति मैदान), नई दिल्ली में आयोजित इस मेले में उत्तर प्रदेश को पार्टनर स्टेट का दर्जा मिला है। ‘विकास और विरासत’ की थीम पर सजाए गए उत्तर प्रदेश पैवेलियन में प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प, खाद्य पदार्थों और औद्योगिक उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए कुल 145 स्टॉल लगाए गए हैं।

मेले में मैनपुरी की पांच पीढ़ियों से तैयार की जा रही सोहन पापड़ी, लखनऊ की मुगलकालीन चिकनकारी और मुजफ्फरनगर का अलग-अलग स्वाद वाला गुड़ विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। 13 से 27 नवंबर तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में उत्तर प्रदेश सरकार का प्रयास स्थानीय उत्पादों को देश के बड़े बाजारों के साथ अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक नेटवर्क से जोड़ना है। इस बार पारंपरिक उत्पादों को आधुनिक पैकेजिंग, नए स्वाद और ब्रांडिंग के साथ प्रस्तुत किया जा रहा है, ताकि बदलती बाजार आवश्यकताओं के अनुरूप उन्हें नई पहचान मिल सके।

उत्तर प्रदेश पैवेलियन का विधिवत उद्घाटन मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल ने किया। यहां प्रदेश के विभिन्न जनपदों की विशिष्ट उत्पाद परंपराओं को प्रदर्शित किया गया है। मैनपुरी की सोहन पापड़ी पांच पीढ़ियों से चली आ रही पारिवारिक कारीगरी और पारंपरिक स्वाद की पहचान है। वहीं, लखनऊ की चिकनकारी अपनी मुगलकालीन विरासत और बारीक कढ़ाई के लिए जानी जाती है। महीन धागों से कपड़ों पर की जाने वाली यह कलाकारी भारतीय हस्तशिल्प की समृद्ध परंपरा को दर्शाती है।

इसी तरह मुजफ्फरनगर का फ्लेवर्ड गुड़ पारंपरिक गुड़ उत्पादन में किए जा रहे नए प्रयोगों को सामने ला रहा है। गन्ने की खेती और गुड़ निर्माण के लिए पहचान रखने वाले इस जिले में गुड़ को नए स्वाद और आकर्षक उत्पादों के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। इससे स्थानीय कारोबार को नए बाजारों तक पहुंचाने की संभावनाएं बन सकती हैं।

विकास के साथ विरासत का संरक्षण भी जरूरी: मुख्य सचिव

पैवेलियन के उद्घाटन अवसर पर मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल ने कहा कि ‘विकास और विरासत’ की थीम प्रदेश की सदियों पुरानी शिल्प विरासत के संरक्षण के साथ स्थानीय उद्यमियों और एमएसएमई इकाइयों को वैश्विक बाजार से जोड़ने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला विभिन्न राज्यों को अपनी विशिष्ट पहचान, औद्योगिक क्षमताओं, पारंपरिक उत्पादों और विकास उपलब्धियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर देता है। उत्तर प्रदेश मंडप प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता, उद्यमशीलता और विकास की संभावनाओं का प्रतिनिधित्व कर रहा है।

मुख्य सचिव ने बताया कि उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास, निवेश, निर्यात संवर्धन और रोजगार सृजन के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। प्रदेश सरकार स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने के साथ पारंपरिक कारीगरों, शिल्पकारों और उद्यमियों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है।

ओडीओपी योजना से स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को मिल रही पहचान

मुख्य सचिव ने कहा कि एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना प्रदेश के स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों, बुनकरों और लघु उद्यमियों को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले जैसे आयोजन इन उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने और निर्यात की संभावनाएं बढ़ाने का माध्यम बनते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेहतर कनेक्टिविटी, एक्सप्रेस-वे, औद्योगिक कॉरिडोर और निवेश अनुकूल वातावरण के विकास से औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिल रहा है। ऐसे आयोजन उद्यमियों, निवेशकों और व्यापारिक प्रतिनिधियों के बीच संवाद और सहयोग को बढ़ावा देते हैं।

एक जनपद-एक व्यंजन से खाद्य उत्पादों की ब्रांडिंग पर जोर

उत्तर प्रदेश की पारंपरिक खाद्य संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ (ओडीओसी) पहल भी मेले में विशेष आकर्षण का हिस्सा है। मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक जनपद की अपनी विशिष्ट खाद्य पहचान, स्वाद और पाक परंपरा है। इन पारंपरिक व्यंजनों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से यह पहल महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

उन्होंने कहा कि स्थानीय व्यंजनों और खाद्य उत्पादों को प्रोत्साहित करने से छोटे कारोबारियों, खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों और स्थानीय उद्यमियों को नए अवसर मिलेंगे। इससे रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

मुख्य सचिव के अनुसार पारंपरिक खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार के साथ उनकी पैकेजिंग, ब्रांडिंग, विपणन और निर्यात की संभावनाओं को विकसित करना जरूरी है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक जनपद की विशिष्ट खाद्य पहचान को एक ब्रांड के रूप में स्थापित किया जाए।

145 स्टॉल पर प्रदर्शित हुए प्रदेश के विभिन्न जनपदों के उत्पाद

उत्तर प्रदेश पैवेलियन में वाराणसी, लखनऊ, कन्नौज, मुरादाबाद, भदोही, आगरा, मेरठ, अलीगढ़, आजमगढ़, सहारनपुर, झांसी और गौतमबुद्ध नगर सहित विभिन्न जनपदों के उत्पादों के प्रदर्शन के लिए कुल 145 स्टॉल लगाए गए हैं।

इन स्टॉल पर आगरा का पेठा, कानपुर के ठग्गू के लड्डू, हाथरस की हींग और रबड़ी, मुजफ्फरनगर का गुड़, प्रतापगढ़ के आंवला उत्पाद, महोबा का देशावरी पान और औरैया का देसी घी प्रदर्शित किया गया है। इनके माध्यम से प्रदेश के पारंपरिक खान-पान, कृषि आधारित कारोबार और स्थानीय उद्यमिता की झलक प्रस्तुत की जा रही है।

इसके अलावा उत्तर प्रदेश की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन स्थलों, पारंपरिक कलाओं, हस्तशिल्प और आधुनिक विकास की उपलब्धियों को भी पैवेलियन में आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया गया है।

उद्यमियों और कारीगरों से मुख्य सचिव ने किया संवाद

उद्घाटन के बाद मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल ने आयुक्त एवं निदेशक उद्योग के. विजयेन्द्र पांडियन और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उत्तर प्रदेश पैवेलियन का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न जनपदों से आए हस्तशिल्पियों, बुनकरों, एमएसएमई उद्यमियों और खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों के प्रतिनिधियों से बातचीत की तथा उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर अपर आयुक्त उद्योग एवं प्रबंध निदेशक लघु उद्योग निगम रोहित आनंद सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

मुजफ्फरनगर के गुड़ कारोबार को मिल सकते हैं नए बाजार

अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में मुजफ्फरनगर के गुड़ की मौजूदगी जिले के पारंपरिक कारोबार के लिहाज से महत्वपूर्ण है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गन्ना उत्पादन और गुड़ निर्माण लंबे समय से ग्रामीण अर्थव्यवस्था का अहम हिस्सा रहे हैं। अब पारंपरिक गुड़ को नए फ्लेवर, बेहतर पैकेजिंग और ब्रांडिंग के साथ प्रस्तुत करने से इस कारोबार को नई पहचान मिलने की संभावनाएं हैं।

स्थानीय उत्पादकों को बड़े खरीदारों, वितरकों और निर्यात कारोबार से जुड़ने के अवसर मिलने पर इसका लाभ गुड़ निर्माण से जुड़े किसानों, कोल्हू संचालकों, व्यापारियों और छोटे उद्यमियों तक पहुंच सकता है। इस तरह 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में उत्तर प्रदेश के 145 स्टॉल न केवल प्रदेश की पारंपरिक विरासत और उत्पाद विविधता को प्रदर्शित कर रहे हैं, बल्कि ओडीओपी और ओडीओसी जैसी पहलों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के प्रयासों को भी सामने रख रहे हैं।

Tags: