चंदौली: न्यू देव हॉस्पिटल में जच्चा-बच्चा की मौत, लापरवाही का आरोप
| परिजनों ने कंदवा थाने में दी तहरीर, अवैध संचालन और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर उठ रहे गंभीर सवाल
चंदौली। कंदवा बाजार स्थित न्यू देव हॉस्पिटल में प्रसव के दौरान 21 वर्षीय महिला और उसके नवजात की मौत ने निजी अस्पतालों की निगरानी व्यवस्था के साथ स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही के आरोप लगे हैं। हैरानी की बात यह है कि संबंधित अस्पताल के कथित अवैध संचालन को लेकर पहले भी मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से शिकायत की गई थी, लेकिन इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई किए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
मृतका की पहचान अदसड़ गांव निवासी 21 वर्षीय निक्की देवी के रूप में हुई है। प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया। मृतका के ससुर सुनील राम ने कंदवा थाने में तहरीर देकर अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया और कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की निगरानी और शिकायतों पर कार्रवाई की व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है। बताया जा रहा है कि न्यू देव हॉस्पिटल के कथित अवैध संचालन को लेकर पहले ही सीएमओ से शिकायत की गई थी। ऐसे में यह जांच का विषय है कि शिकायत मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल का निरीक्षण किया था या नहीं और वहां संचालित चिकित्सकीय सुविधाओं की वास्तविक स्थिति की पड़ताल की गई थी या नहीं।
गौरतलब है कि क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट-2010 के तहत उत्तर प्रदेश में निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम और प्रसूति केंद्रों का पंजीकरण अनिवार्य है। जिला पंजीकरण प्राधिकरण को शिकायतों की जांच करने, पंजीकरण की निगरानी करने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई करने का अधिकार है।
अब इस पूरे मामले में अस्पताल के पंजीकरण की स्थिति, वहां योग्य चिकित्सकों की उपलब्धता और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की मौजूदगी जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं की जांच जरूरी हो गई है। पूर्व में शिकायत किए जाने के बावजूद कार्रवाई क्यों नहीं हुई, स्वास्थ्य विभाग ने निरीक्षण किया था या नहीं और अस्पताल में इलाज की व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप थी या नहीं, इन सभी सवालों के जवाब निष्पक्ष जांच से सामने आने चाहिए। जच्चा-बच्चा की मौत के इस मामले में अस्पताल प्रबंधन के साथ संबंधित विभागीय जिम्मेदारों की जवाबदेही तय होना भी महत्वपूर्ण है।