एटा के राजा का रामपुर थाना क्षेत्र के गांव नगला धाता में मारपीट के दौरान घायल हुए पीड़ित देवराज का देर रात पुलिस ने चिकित्सीय परीक्षण कराया, 11 लोगों पर मुकदमा दर्ज है।

एटा। राजा का रामपुर थाना क्षेत्र के गांव नगला धाता में खेत पर धान का पुआल लेने गए युवक पर 11 लोगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपियों ने उसे फावड़े, लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से पीटा। युवक की चीख-पुकार सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे उसके चाचा पर भी तमंचे से फायरिंग की गई। हालांकि, गोली लगने से दोनों बाल-बाल बच गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव नगला धाता निवासी देवराज पुत्र राजू सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 15 नवंबर 2026 को शाम करीब 4:40 बजे वह अपने खेत पर धान का पुआल लेने गया था। इसी दौरान गांव के प्रेम प्रताप पुत्र अनूप कुमार, अखंड प्रताप पुत्र अनूप कुमार, सचिन उर्फ विक्रांत पुत्र अनूप कुमार, अनूप कुमार पुत्र महेंद्र सिंह, सर्वेंद्र उर्फ तनु पुत्र योगेंद्र सिंह, कुंज बिहारी पुत्र ललित कुमार, आकाश पुत्र ललित कुमार, अमित पुत्र ललित कुमार, ललित कुमार पुत्र मनीष कुमार, अनिल कुमार पुत्र मनीष कुमार और एतवीर उर्फ भोले पुत्र रईस कुमार वहां पहुंच गए।

देवराज के मुताबिक, सभी आरोपियों ने एकराय होकर उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। उसने जब इसका विरोध करते हुए गाली देने से मना किया तो अखंड प्रताप ने हाथ में पकड़े फावड़े से उसके सिर पर वार कर दिया। वहीं, कुंज बिहारी ने लोहे की रॉड से हमला किया। इसके बाद अन्य आरोपियों ने भी लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। हमले में वह जमीन पर गिर पड़ा और उसके सिर तथा शरीर पर चोटें आईं।

चीख-पुकार सुनकर पहुंचे चाचा पर भी फायरिंग

पीड़ित ने बताया कि घटनास्थल के पास ही उसके चाचा श्याम सरसों की फसल में पानी लगा रहे थे। मारपीट के दौरान उसकी चीख-पुकार सुनकर चाचा मौके की तरफ दौड़े। आरोप है कि इसी दौरान प्रेम प्रताप ने तमंचे से उसे और उसके चाचा को जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। हालांकि, दोनों गोली लगने से बाल-बाल बच गए।

देर रात घायल का कराया मेडिकल, 11 लोगों पर मुकदमा

घटना के बाद पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना राजा का रामपुर पुलिस ने सभी 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। घायल देवराज का देर रात चिकित्सीय परीक्षण भी कराया गया।

थानाध्यक्ष राजा का रामपुर रोहित राठी ने बताया कि मामला रविवार की देर शाम का है। देर रात घायल का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है।

Tags: