बाबूगढ़ पुलिस ने 3.5 लाख के अवैध पटाखों संग पंजाब निवासी आरोपी को ऑटो समेत गिरफ्तार किया।   

हापुड़ जिले में अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बाबूगढ़ थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 3.5 लाख रुपये मूल्य के अवैध पटाखे और उनकी सप्लाई में इस्तेमाल किया जा रहा ऑटो बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, जनपद में अपराध की रोकथाम और अवैध पटाखों व विस्फोटक पदार्थों की बिक्री तथा भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बाबूगढ़ थाना पुलिस की टीम क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी।

चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने काली नदी पुराना हाईवे पर ग्राम उपैड़ा के पास एक संदिग्ध ऑटो को रोककर उसकी जांच की। तलाशी लेने पर ऑटो से भारी मात्रा में अवैध पटाखे बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने मौके से ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरजीत सिंह पुत्र सुभाष सिंह, निवासी मकान नंबर 445, कुराली, थाना कुराली, जनपद मोहाली, पंजाब के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध पटाखों के 08 कार्टून बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत लगभग 3.5 लाख रुपये बताई गई है। इसके साथ ही घटना में इस्तेमाल किया गया ऑटो भी बरामद किया गया है, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर PB 65BK 0633 है।

इस मामले में थाना बाबूगढ़ पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

इस कार्रवाई में थाना बाबूगढ़ के उपनिरीक्षक वीरेश कुमार, हेड कांस्टेबल 27 पंकज कुमार और हेड कांस्टेबल 405 सुधीर कुमार की भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई में अवैध पटाखों की बड़ी खेप बरामद होने के साथ उनकी सप्लाई में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन को भी जब्त किया गया है।

Tags: