हापुड़ के धौलाना में खाद्य सुरक्षा टीम ने अवैध मावा भट्टी पर छापा मारकर मावा बरामद किया।

हापुड़। त्योहारों के सीजन में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ हापुड़ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की टीम ने धौलाना क्षेत्र के ग्राम लालपुर में अवैध मावा भट्टी पर छापेमारी कर 16 क्विंटल मिलावटी मावा बरामद किया। इसकी गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने देर रात ही जेसीबी मशीन से गड्ढा खुदवाकर पूरी खेप को जमीन में दबाकर नष्ट करा दिया।

जानकारी के अनुसार, थाना धौलाना क्षेत्र के ग्राम लालपुर में बड़े पैमाने पर मिलावटी खोया (मावा) तैयार करने का अवैध कारोबार संचालित होने की सूचना मिली थी। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी/खाद्य आयुक्त चंद्रशेखर मिश्र को इस संबंध में सटीक जानकारी मिली। इसके बाद खाद्य विभाग की टीम ने लालपुर निवासी आकिल पुत्र खलील की मावा भट्टी पर अचानक छापा मारा। अधिकारियों की टीम के पहुंचते ही मौके पर हड़कंप मच गया।

छापेमारी के दौरान बरामद मावे की गुणवत्ता बेहद खराब पाई गई। अधिकारियों के मुताबिक, यह मावा स्वास्थ्य के लिए हानिकारक था। मौके से बरामद और नष्ट कराए गए 16 क्विंटल यानी 1600 किलो मावे की बाजार कीमत करीब 3 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है।

मिलावटी मावे की खेप बाजार तक नहीं पहुंचे और लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ न हो, इसके लिए खाद्य आयुक्त चंद्रशेखर मिश्र की मौजूदगी में तत्काल कार्रवाई की गई। रात के अंधेरे में ही जेसीबी मशीन मौके पर बुलवाई गई। इसके बाद गहरा गड्ढा खुदवाकर पूरे 16 क्विंटल मावे को उसमें पलटवा दिया गया और जमीन में दबाकर नष्ट करा दिया गया।

खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में मिलावटी खाद्य पदार्थ तैयार करने वालों और अवैध मावा भट्टी संचालकों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले किसी भी मिलावटखोर को बख्शा नहीं जाएगा। विभाग की ओर से इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Tags: