चावड़ी बाजार इमारत ढहने से दो की मौत, कई लोग मलबे में दबे
चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और कई के मलबे में दबे होने की आशंका है।
चावड़ी बाजार में गिरी इमारत के मलबे से लोगों को निकालने के लिए राहत और बचाव कार्य जारी है।
नई दिल्ली। पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में गुरुवार सुबह एक निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर ढह गई। गली सितारा में चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास हुए इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। इमारत गिरने की तेज आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।
दिल्ली दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे गली सितारा में इमारत गिरने की सूचना मिली थी। इसके बाद दमकल विभाग की छह से अधिक गाड़ियां, वॉटर टेंडर और रेस्क्यू वाहन घटनास्थल के लिए रवाना किए गए। बचाव दल ने तत्काल मलबा हटाकर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी करने लगे।
घटनास्थल की संकरी गलियों और आसपास घनी आबादी होने के कारण बचाव अभियान के दौरान विशेष सतर्कता बरती जा रही है। मलबे में अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका को देखते हुए राहत दल लगातार तलाशी अभियान चला रहा है।
जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनकर घरों से बाहर निकले लोग
स्थानीय लोगों के अनुसार, गुरुवार सुबह अचानक धमाके जैसी तेज आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। प्रत्यक्षदर्शी मोहम्मद नईम ने बताया कि हादसा सुबह करीब 9 से 9:30 बजे के बीच हुआ। उस समय आसपास के लोग सो रहे थे। तेज आवाज सुनकर उन्हें पहले लगा कि उनका अपना मकान गिर गया है, लेकिन बाहर निकलने पर पता चला कि पास में स्थित निर्माणाधीन इमारत पूरी तरह मलबे में तब्दील हो चुकी थी।
नईम के मुताबिक, इमारत में तीन-चार चौखटें बन चुकी थीं और पिछले तीन से चार महीने से निर्माण कार्य चल रहा था। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में मदद की। प्रत्यक्षदर्शियों ने एक शव को मलबे से बाहर निकाले जाते हुए देखा।
घायल मजदूरों से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे के समय इमारत में तीन से चार लोग मौजूद थे। हालांकि, मलबे में कुल कितने लोग दबे हुए हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही हो सकेगी।
दिल्ली के व्यस्त व्यावसायिक इलाके में हादसे से दहशत
चावड़ी बाजार पुरानी दिल्ली के सबसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्रों में शामिल है। यहां दिनभर व्यापारियों, दुकानदारों, मजदूरों और ग्राहकों की आवाजाही बनी रहती है। चांदनी चौक और आसपास के थोक बाजारों में त्योहारों के दौरान भीड़ और बढ़ जाती है। ऐसे व्यस्त इलाके में निर्माणाधीन इमारत के अचानक ढहने से स्थानीय लोगों और व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है।
टाउन हॉल का हिस्सा ढहने के अगले दिन हुआ हादसा
दिल्ली में लगातार दो दिनों के भीतर इमारतों से जुड़े हादसों ने पुराने भवनों की सुरक्षा और निर्माण कार्यों की निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। चांदनी चौक में बुधवार को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के स्वामित्व वाली 160 वर्ष से अधिक पुरानी ऐतिहासिक टाउन हॉल इमारत का एक हिस्सा ढह गया था। यह इमारत प्रथम श्रेणी की संरक्षित धरोहर में शामिल है।
टाउन हॉल में हुए हादसे के दौरान इमारत का अग्रभाग, पहली मंजिल, छत, मुख्य प्रवेश द्वार के बरामदे की दीवारें और उसके ऊपर लगी घड़ी क्षतिग्रस्त हो गई थी।
लंबे समय से जर्जर हालत में था ऐतिहासिक टाउन हॉल
टाउन हॉल परिसर वर्ष 2011-12 में एमसीडी का मुख्यालय दूसरी जगह स्थानांतरित होने के बाद से काफी हद तक उपयोग से बाहर था। परिसर की जर्जर स्थिति, क्षतिग्रस्त खिड़कियां, उखड़ा हुआ प्लास्टर और खराब गलियारे पहले से ही रखरखाव की आवश्यकता की ओर संकेत कर रहे थे।
एक ओर ऐतिहासिक धरोहर टाउन हॉल का हिस्सा ढहना और दूसरी ओर चावड़ी बाजार में निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत का गिरना दिल्ली में भवनों की सुरक्षा, निर्माण की गुणवत्ता और नियमित निरीक्षण की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल चावड़ी बाजार में राहत एवं बचाव अभियान जारी है। इमारत गिरने के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।