गढ़मुक्तेश्वर में विधायक हरेंद्र सिंह तेवतिया अश्व हॉर्स शो के लोगो का अनावरण करते हुए।

हापुड़ की ऐतिहासिक तहसील गढ़मुक्तेश्वर में आयोजित होने जा रहे ‘प्रथम स्वदेशी अश्व हॉर्स शो’ को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस आयोजन को लेकर 4 नवंबर 2026 को क्षेत्रीय विधायक हरेंद्र सिंह तेवतिया ने आधिकारिक मोनोग्राम (लोगो) का अनावरण किया। इस पहल के साथ ही क्षेत्र में स्वदेशी अश्व नस्लों के संरक्षण और अश्व पालकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले हॉर्स शो की औपचारिक तैयारियों को गति मिली है।

गढ़मुक्तेश्वर के भाजपा विधायक हरेंद्र सिंह तेवतिया ने आयोजन को एक बेहतरीन और नई पहल बताते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से अश्व पालकों का उत्साह बढ़ेगा। साथ ही, देश की स्वदेशी अश्व नस्लों के संरक्षण और संवर्धन को नई दिशा और प्रेरणा मिलेगी।

विधायक ने क्षेत्र सहित दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले सभी अश्व पालकों से हॉर्स शो में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में शामिल होने वाले पशुपालकों को अपनी बेहतरीन अश्व नस्लों का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही प्रतिभागी आकर्षक पुरस्कार भी जीत सकेंगे।

मोनोग्राम अनावरण कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि जगदीश, बहादुरगढ़ मंडल अध्यक्ष तरुण चौहान, जिला मंत्री राहुल वशिष्ठ तथा कार्यकर्ता करण शर्मा, गुंजन शर्मा और टीकम राणा सहित पशुपालन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

पशुपालन विभाग की ओर से उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, सदर हापुड़ डॉ. ओमवीर सिंह, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, गढ़मुक्तेश्वर डॉ. नवनीत कुमार, पशु चिकित्साधिकारी, भैना डॉ. मदनपाल सिंह, पशु चिकित्साधिकारी, बहादुरगढ़ डॉ. आनंद कुमार गिल और पशु चिकित्साधिकारी, झड़ीना डॉ. विशाल चौधरी ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

प्रथम स्वदेशी अश्व हॉर्स शो के माध्यम से अश्व पालकों को अपनी नस्लों की विशेषताओं और गुणवत्ता को प्रदर्शित करने का मंच मिलेगा। वहीं, स्वदेशी अश्व नस्लों के संरक्षण और संवर्धन को प्रोत्साहन देने की दिशा में यह आयोजन महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आ रहा है।

Tags: