त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा दुरुस्त करने एसएसपी एटा ने पुलिस बल के साथ अलीगंज क्षेत्र में पैदल गश्त की।

एटा। त्योहारों के मद्देनजर जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन जि. ने शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 को भारी पुलिस बल के साथ थाना अलीगंज क्षेत्र में पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

पैदल गश्त के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या झूठी जानकारी प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने की सख्त हिदायत दी। साथ ही आमजन से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और आपसी सौहार्द एवं शांति बनाए रखें।

इसी क्रम में एसएसपी डॉ. इलामारन जि. ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ वार्ता कर व्यापारियों को जनपद में कानून-व्यवस्था मजबूत रखने तथा व्यापारिक गतिविधियों की सुरक्षा और सुचारु संचालन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने पुलिस एवं व्यापार मंडल के बीच बेहतर समन्वय और संवाद को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।

एसएसपी ने सभी व्यापारियों को अपने-अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए, ताकि सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाया जा सके। त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस की सतर्कता तथा व्यापारियों के साथ समन्वय को महत्वपूर्ण बताया गया।

इस दौरान क्षेत्राधिकारी अलीगंज श्री राजेश सिंह, थाना प्रभारी अलीगंज श्री रूपेश वर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

Tags: