एटा में नौकरी के नाम पर ठगी, 25 लाख हड़पे
घर गिरवी रखकर दिए थे पैसे, हाईकोर्ट क्लर्क और आईपीएस अधिकारी बनाने का झांसा देकर आरोपी ने की ठगी।
एटा में नौकरी और आईपीएस के नाम पर 25 लाख ठगी के मामले में पुलिस की जांच जारी है।
एटा में नौकरी दिलाने के नाम पर 25 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। हाईकोर्ट में क्लर्क की नौकरी लगवाने और बाद में IPS अधिकारी बनवाने का झांसा देकर एक व्यक्ति पर पीड़ित से लाखों रुपये ऐंठने का आरोप लगा है। पीड़ित की शिकायत पर थाना कोतवाली देहात में आरोपी सचिन के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
पीड़ित नितिन की शिकायत के अनुसार, आरोपी सचिन ने सबसे पहले हाईकोर्ट में क्लर्क की नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया और इसके लिए 14 लाख रुपये की मांग की। आरोप है कि अलग-अलग समय पर ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और नकद के माध्यम से रकम ली गई। इस दौरान आरोपी ने पीड़ित को फर्जी ज्वाइनिंग लेटर और चयन सूची भी भेजी।
हाईकोर्ट में नौकरी नहीं लगने पर आरोपी ने पीड़ित को IPS अधिकारी बनवाने का सपना दिखाया। इसके लिए गृह मंत्रालय और 2 प्रतिशत कोटे का हवाला दिया गया। पीड़ित का दावा है कि आरोपी के झांसे में आकर उसने अपना घर गिरवी रखकर भी 10 लाख रुपये दे दिए।
पीड़ित के मुताबिक, आरोपी को रकम देने के बावजूद न तो उसकी नौकरी लगी और न ही पैसे वापस मिले। जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई।
इसके बाद पीड़ित नितिन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में आरोपी सचिन के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। थाना प्रभारी के मुताबिक, मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।
नौकरी और IPS अधिकारी बनवाने के नाम पर कथित तौर पर 25 लाख रुपये की ठगी का यह मामला अब पुलिस जांच के दायरे में है।