20 दिन से लापता विमलेश का काली नदी में मिला शव, हत्या की आशंका से मचा हड़कंप
एटा के अलीगंज में 20 अक्टूबर से लापता विमलेश का शव भनउ घाट पर काली नदी से बरामद हुआ। परिजनों की तहरीर पर पुलिस 3 लोगों पर केस दर्ज कर जांच कर रही है।
अलीगंज पुलिस और स्थानीय लोग काली नदी के पास जांच करते हुए दिख रहे हैं।
अलीगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गलारपुर निवासी 20 दिन से लापता विमलेश का शव शनिवार को भनउ घाट स्थित काली नदी के पुल से आगे मिला। शव मिलने की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एटा मोर्चरी भेज दिया। परिजनों ने शव की पहचान विमलेश के रूप में की है। इस मामले में पहले ही हत्या की आशंका जताते हुए अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया गया था।
जानकारी के अनुसार, विमलेश 20 अक्टूबर 2026 को लापता हुआ था। उसके लापता होने के बाद पत्नी किरण देवी ने 22 अक्टूबर को कोतवाली अलीगंज में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। परिजनों और पुलिस की ओर से तलाश किए जाने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला।
इसके बाद विमलेश के भाई अजय कुमार पुत्र संतराम सिंह निवासी गलारपुर ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें गांव जलालपुर निवासी रोहित पुत्र शिवराम और उसके साथियों पर विमलेश को हत्या की नीयत से ले जाने की आशंका जताई गई थी। अजय कुमार की तहरीर और मामले में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने पहले दर्ज गुमशुदगी के मामले को तरमीम करते हुए रोहित पुत्र शिवराम समेत दो अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद पुलिस विमलेश की तलाश के साथ मामले की जांच में जुटी हुई थी।
शनिवार को भनउ घाट के पास काली नदी के पुल से आगे विमलेश का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही कोतवाली अलीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल पर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। परिजनों को भी मौके पर बुलाया गया, जहां उन्होंने शव की शिनाख्त विमलेश के रूप में की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एटा मोर्चरी भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद विमलेश की मौत के कारणों का पता चल सकेगा। वहीं, शव मिलने के बाद पहले से दर्ज मुकदमे की जांच और आरोपियों की भूमिका को लेकर पुलिस की कार्रवाई महत्वपूर्ण हो गई है।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अलीगंज रूपेश कुमार वर्मा ने बताया, "शव भनउ घाट के काली नदी के पुल से आगे मिला है, परिजनों ने शव की शिनाख्त की है, शव को कब्जे में लेकर एटा मोर्चरी भेजा गया है, मौके पर अलीगंज क्षेत्राधिकारी सहित भारी पुलिस बल है, थानास्तर से आगे की कार्यवाही जारी है।"