पुलिसकर्मी चार आरोपियों और बरामद 30 गैस सिलेंडरों के साथ अलीनगर थाने के बाहर खड़े हैं।

चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र में गैस गोदाम में सेंधमारी कर सिलेंडर चोरी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी के 30 गैस सिलेंडर, एक टाटा मैजिक गाड़ी, नकदी और वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का पेचकस बरामद किया है।

घटना अलीनगर थाना क्षेत्र के मानसनगर स्थित इंडेन गैस गोदाम की है। पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर 2026 की रात गश्त और चेकिंग के दौरान गैस गोदाम के पास खड़खड़ाहट की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर मौके पर पहुंची पुलिस ने गोदाम में सेंधमारी कर रहे एक व्यक्ति को पकड़ लिया। उससे पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसके भाई और उसके दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। चारों आरोपी चंदौली जनपद के निवासी हैं।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल 30 गैस सिलेंडर बरामद किए। इनमें से 19 सिलेंडर गैस गोदाम से और 11 सिलेंडर पटनवा स्थित एक घर से मिले। इसके अलावा, मौके से एक टाटा मैजिक गाड़ी (UP65MT3612), 6,400 रुपये नकद और आरोपियों के मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया लोहे का पेचकस भी बरामद किया है।

इस मामले में अलीनगर थाने में मुकदमा संख्या 664/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Tags: