तस्वीर में नदी में नाव पर सवार पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी निरीक्षण करते दिख रहे हैं।

हापुड़ में आगामी ऐतिहासिक कार्तिक पूर्णिमा गढ़ गंगा मेले को सकुशल और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को जिलाधिकारी हापुड़ और पुलिस अधीक्षक हापुड़ ने भारी पुलिस बल के साथ गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र का तूफानी दौरा कर मेले की सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्रांतर्गत आने वाले कच्चे घाटों का जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने पैदल और नाव से गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जल स्तर, घाटों की स्थिति और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील स्थानों का बारीकी से जायजा लिया। नाव पर सवार होकर प्रशासनिक टीम ने नदी के उन हिस्सों का भी निरीक्षण किया, जहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाना बेहद जरूरी है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों तथा थाना पुलिस को व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अधिकारियों ने गहरे पानी वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां मजबूत बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कच्चे घाटों को समतल और सुरक्षित बनाने को कहा गया।

प्रशासन का दावा है कि इस बार भी कार्तिक पूर्णिमा गढ़ गंगा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम रहेंगे। मेले से पहले कच्चे घाटों का यह निरीक्षण श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन की तैयारियों का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

Tags: