बुलंदशहर में शहर के व्यस्त नुमाइश फ्लाईओवर के पास शनिवार रात करीब 10 बजे तेज रफ्तार महिंद्रा थार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और सड़क पर पलट गई। हादसे में कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, थार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की अत्यधिक रफ्तार से कालाआम चौराहे से दिल्ली रोड की तरफ जा रही थी। नुमाइश फ्लाईओवर के पास चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार कार डिवाइडर से जा टकराई, जिससे वहां लगी लोहे की मजबूत रेलिंग और बिजली का पोल उखड़ गया। इसके बाद थार कई बार पलटते हुए सड़क पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने राहगीरों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार को सीधा करवाया और उसमें फंसे दोनों घायल युवकों को बाहर निकाला। दोनों को तत्काल एम्बुलेंस से पास के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

हादसे के बाद कालाआम चौराहे से दिल्ली रोड पर नुमाइश फ्लाईओवर के ऊपर करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। सड़क पर बिखरे मलबे और क्षतिग्रस्त वाहन के कारण गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को हटवाया और मलबा साफ कराकर यातायात बहाल कराया।

सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि तेज रफ्तार के कारण थार कार अनियंत्रित होकर पलटी थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया था। घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। हादसे के बाद पुलिस की कार्रवाई जारी है।

Tags: