हापुड़ में एसपी कार्यालय के बाहर शिकायती पत्र हाथ में लिए खड़े पीड़ित परिवार के लोग।

हापुड़ (उत्तर प्रदेश) में युवक की संदिग्ध मौत का गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम सलोनी निवासी एक पिता ने अपने 28 वर्षीय बेटे मनीष की हत्या कर शव गंगा नदी में बहाने का आरोप उसके तीन दोस्तों पर लगाया है। पीड़ित पिता योगेन्द्र ने आज न्याय की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक (SP) हापुड़ को शिकायती पत्र सौंपकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

शिकायती पत्र के अनुसार, मृतक मनीष उम्र लगभग 28 वर्ष पुत्र योगेन्द्र निवासी ग्राम सलोनी, थाना बहादुरगढ़, जनपद हापुड़ का निवासी था। 27 अगस्त 2026 को सुबह करीब 09:00 बजे उसके तीन दोस्त मनोज पुत्र महेंद्र, मनोज पुत्र नन्हें पाल उर्फ खलील और सचिन पुत्र जय प्रकाश उसे गंगा स्नान कराने के बहाने मोटरसाइकिल संख्या DL11 SU 5987 पर अपने साथ ब्रजघाट ले गए थे।

28 अगस्त 2026 को सुबह 07:00 बजे तक मनीष के घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसके दोस्तों से पूछताछ की। आरोप है कि दोस्तों ने मनीष के बारे में कोई सही जानकारी नहीं दी और परिजनों से खुद ही उसे ढूंढने को कहा। इसके बाद 30 अगस्त 2026 को परिजनों को सूचना मिली कि मनीष का शव थाना रहरा, जनपद अमरोहा के जल्लोपुरा पुलिस चौकी क्षेत्र में गंगा किनारे बिना कपड़ों के बरामद हुआ है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।

मामले में ब्रजघाट के CCTV फुटेज को लेकर भी पिता ने गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायती पत्र के अनुसार, CCTV फुटेज की जांच कराने पर रात 12:32 बजे मनीष अपने तीनों दोस्तों के साथ ब्रजघाट के पक्के चबूतरे पर टहलता हुआ दिखाई दिया। इसके महज 13 मिनट बाद रात 12:45 बजे फुटेज में केवल तीनों दोस्त वापस लौटते दिखाई दिए, जबकि मनीष उनके साथ नहीं था।

पिता योगेन्द्र का आरोप है कि उसके तीनों दोस्तों ने मिलकर मनीष की हत्या की और साक्ष्य मिटाने के लिए उसके शव को गंगा नदी में बहा दिया। हालांकि, ये आरोप शिकायती पत्र में लगाए गए हैं और मामले में जांच तथा कानूनी कार्रवाई के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।

शिकायती पत्र के अनुसार, पीड़ित परिवार ने पहले थाना गढ़मुक्तेश्वर में रिपोर्ट दर्ज कराने का प्रयास किया था, लेकिन वहां से कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पिता योगेन्द्र ने आज पुलिस अधीक्षक, हापुड़ के समक्ष प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर थाना अध्यक्ष गढ़मुक्तेश्वर को तुरंत मुकदमा दर्ज करने का आदेश देने की मांग की है। साथ ही घटना के संबंध में सुसंगत धाराओं के तहत आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई कर बेटे को न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।

Tags: