तस्वीर में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग सेवा संकल्प यात्रा रथ के सामने खड़े हैं।

भारतीय जनता पार्टी की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत वाराणसी से वड़नगर तक निकाली जा रही सेवा संकल्प यात्रा रविवार को खेरवाड़ा पहुंची। यात्रा के पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने पुष्प वर्षा एवं जयघोष के साथ यात्रियों का आत्मीय स्वागत किया। यात्रा के खेरवाड़ा पहुंचने पर कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा।

खेरवाड़ा पहुंचने के बाद यात्रियों को खेरवाड़ा की सीमा पर स्थित अतिथि होटल ले जाया गया। बाइक एवं वाहन रैली के साथ यात्रा राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 48 से होते हुए होटल अतिथि पहुंची। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने यात्रियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित एलईडी प्रस्तुति दिखाई गई। एलईडी के माध्यम से सरकार की योजनाओं से आमजन को मिले लाभ तथा सेवा, सुशासन और विकास के विभिन्न कार्यों को प्रदर्शित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकार की उपलब्धियों को बताना ही नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और जनकल्याण का संदेश पहुंचाना भी है। यात्रा में शामिल प्रतिभागियों ने खेरवाड़ा में मिले आत्मीय स्वागत के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता पारस जैन, खेरवाड़ा सरपंच लक्ष्मी देवी आहारी, उप सरपंच विक्रांत कोठारी, भाजपा महिला मोर्चा जिला महामंत्री नैना पंचोली, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता नानजी भाई पटेल, नरेश अग्रवाल, मुकेश पटेल, शिशुपाल डामोर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Tags: