तस्वीर में प्रतापनगर थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार दो आरोपी साथ खड़े दिख रहे हैं।

उदयपुर जिले के प्रतापनगर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 13.01 ग्राम MDMA के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मादक पदार्थ की तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त किया है।

जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में नशाखोरी पर प्रभावी नियंत्रण, इसके उन्मूलन और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, शहर श्री उमेश ओझा तथा वृत्ताधिकारी वृत्त नगर पूर्व सुश्री छवि शर्मा के सुपरविजन में थाना प्रभारी प्रतापनगर अजय सिंह राव के निर्देशन में पुलिस थाना प्रतापनगर और डीएसटी की संयुक्त टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए थाना प्रतापनगर क्षेत्र से अवैध मादक पदार्थ की तस्करी करते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस टीम की कार्रवाई के दौरान अभियुक्त श्रीमती पूजा से आरोपी जसवंत द्वारा कुल 13.01 ग्राम अवैध मादक पदार्थ MDMA (मिथाइलीनडाइऑक्सी मेथैम्फेटामाइन) खरीदना पाया गया। पुलिस ने मौके से अवैध मादक पदार्थ MDMA को तस्करी में प्रयुक्त की जा रही कार सहित जब्त कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में जसवंत पुत्र शांतिलाल, उम्र 29 साल, निवासी धोबी मोहल्ला, करकड़ा, भादसौड़ा, जिला चित्तौड़गढ़ तथा श्रीमती पूजा पत्नी नरेश, उम्र 33 साल, निवासी शिव नगर, दक्षिणी सुंदरवास, थाना प्रतापनगर, जिला उदयपुर, हाल निवासी हाउसिंग बोर्ड, सी-क्लास कॉलोनी, थाना प्रतापनगर, जिला उदयपुर शामिल हैं।

इस अवैध खरीद-फरोख्त और तस्करी के संबंध में पुलिस थाना प्रतापनगर में प्रकरण संख्या 546/2026, धारा 8/22, 8/29 एनडीपीएस एक्ट में दर्ज किया गया है। आरोपियों से मादक पदार्थों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रतापनगर अजय सिंह राव, उप निरीक्षक अशोक सिंह, कांस्टेबल राजूराम गुर्जर, कांस्टेबल भारमल राम, कांस्टेबल कमलेश कुमार, महिला कांस्टेबल निर्मला कंवर तथा डीएसटी प्रभारी मय डीएसटी टीम शामिल रहे।

Tags: