तस्वीर में मावली राजकीय महाविद्यालय के प्रांगण में छात्र और संकाय सदस्य श्रमदान करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

फतहनगर। महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर लदानी स्थित राजकीय महाविद्यालय मावली में विकसित भारत जन सेवा अभियान के अंतर्गत स्वच्छता दिवस आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेश चंद्र तिवारी, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने परिसर को स्वच्छ रखने की शपथ लेकर की।

प्राचार्य डॉ. महेश चंद्र तिवारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता को अपनी आदत और दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। साथ ही महाविद्यालय परिसर को प्लास्टिक मुक्त बनाने और प्रभावी कचरा प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया।

स्वच्छता दिवस के तहत एनएसएस स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों ने महाविद्यालय परिसर में कक्षाओं, कॉरिडोर, खेल मैदान एवं प्रयोगशालाओं की व्यापक सफाई की। विद्यार्थियों ने श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ संकाय सदस्य श्रीमती भारती चौहान, डॉ. पीनल जैन, वीरेंद्र सिंह शक्तावत, डॉ. जितेंद्र सिंह चुंडावत एवं जगदीश चंद्र पुरोहित सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ जिम्मेदार नागरिक बनने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।

Tags: